दिल्ली। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत विभिन्न जिलों में नए कक्षा-कक्षों, भवनों आदि के निर्माण को लेकर राजस्थान सरकार की ओर से भेजे गए प्रस्तावों में से व्यवहारिक प्रस्तावों का अनुमोदन किया गया है। यह जानकारी सोमवार को संसद में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नागौर से आरएलपी सांसद हनुमान बेनीवाल के सवाल के जवाब में दी।
यह है प्रगति रिपोर्ट
शिक्षा मंत्री ने बेनीवाल के सवाल के जवाब में बताया कि राजस्थान में वर्ष 2018-19 से लेकर 2021-22 तक समग्र शिक्षा अभियान के तहत स्वीकृति के क्रम में हुई उपलब्धी का ब्यौरा दिया और बताया कि इस समयावधि में प्राथमिक स्कूलों के संदर्भ में संचयी स्वीकृति 136 के मुकाबले में उपलब्धि मात्र 28 रही। वहीं उच्च प्राथमिक स्कूलों की 95 में से उपलब्धि मात्र 25 रही। वही आवासीय छात्रावासों में स्वीकृत 34 में से 19 ही बने। साथ ही माध्यमिक स्तर के 67 नए भवनों के निर्माण के क्रम में 43 ही बने। उच्च माध्यमिक के भी 3 नए भवन बनने थे, लेकिन प्रगति शून्य रही।
