मुंबई: रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष के चलते भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को भूचाल आ गया। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 2053 पॉइंट्स टूटकर 55,178 पर पहुंच गया है। बैंकिंग शेयर्स की जबरदस्त पिटाई है। सेंसेक्स के सभी 30 शेयर्स गिरावट में हैं। उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 572 अंक नीचे 16,490 पर है। इसके भी सभी 50 शेयर्स गिरावट में कारोबार कर रहे हैं। इससे पहले बुधवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स आज 68 पॉइंट्स गिर कर 57,232 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 29 अंक टूटकर 17,063 पर बंद हुआ।
इस वजह से दुनिया के सभी शेयर बाजार गिरावट में हैं। आज सेंसेक्स 1,814 अंक नीचे 55,416 पर खुला था। पहले घंटे में इसने 55,984 का ऊपरी और 55,375 का निचला स्तर बनाया। इसके सभी 30 शेयर्स गिरावट में हैं। गिरने वाले प्रमुख स्टॉक में टाटा स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट, एयरटेल, इंडसइंड बैंक, ICICI बैंक के शेयर्स 3-3% से ज्यादा टूटे हैं।
टेक महिंद्रा, टीसीएस, विप्रो, एचसीएल टेक, एचडीएफसी, एसबीआई, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, एचडीएफसी बैंक, इंफोसिस, एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस, मारुति, डॉ. रेड्डी, हिंदुस्तान यूनिलीवर और आईटीसी के शेयरों में तीन फीसदी तक की गिरावट आई है। जबकि, पावरग्रिड, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एशियन पेंट्स, कोटक बैंक, टाइटन, नेस्ले, सनफार्मा और एनटीपवीसी के शेयर में एक फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है।
