Headlines

सोनिया गांधी ने CPC Meeting में मोदी सरकार पर निशाना साधा

Congress President Sonia Gandhi impactvoicenews

नई दिल्लीः कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मोदी सरकार पर कोरोना महामारी को लेकर अपनी जिम्मेदारियों से पीछे हटने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने जनता को निराश किया है। इस दौरान उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात पर चर्चा के लिए तत्काल एक सर्वदलीय बैठक बुलाई जानी चाहिए।

सोनिया गांधी ने कहा, कोविड का संकट ‘सरकार बनाम हम’ की लड़ाई नहीं है, ‘बल्कि हम बनाम कोरोना’ है। हमे एक राष्ट्र के तौर पर इस लड़ाई को लड़ना होगा।

संसद की स्थायी समिति की बैठक बुलाई जाए

कोरोना के हालात पर चर्चा के लिए हुई कांग्रेस सांसदों की डिजिटल बैठक में सोनिया ने यह भी कहा कि स्वास्थ्य संबंधी संसद की स्थायी समिति की बैठक बुलाई जाए ताकि महामारी से बेहतर ढंग से निपटने के लिए कदम उठाना और जवाबदेही तय करना सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा, देश एक अप्रत्याशित स्थिति का सामना कर रहा है। हजारों लोगों की मौत हो गई है और लाखों लोग बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएं पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। यह देखना दुखद है कि लोग अस्पतालों में और सड़कों पर अपने जीवन के लिए संघर्ष कर रहे हैं तथा किसी भी तरह चिकित्सा सुविधा चाहते हैं।

उन्होंने सवाल किया, मोदी सरकार क्या कर रही है? लोगों की पीड़ा और दर्द को कम करने की बजाय उसने जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारियों और कर्तव्यों से पल्ला झाड़ लिया है।

वैक्सीन का समय पर ऑर्डर देने में विफल रही सरकार

उन्होंने कहा, स्वास्थ्य संबंधी संसद की स्थायी समिति और विपक्षी दलों ने हमारी तैयारियों को लेकर गंभीर चिंता जाहिर की थी। इसके बावजूद प्रधानमंत्री ने इस साल अंहकार के साथ ऐलान कर दिया कि उन्होंने कोरोना महामारी पर जीत हासिल कर ली है तथा उनकी पार्टी ने इस तथाकथित सफलता के लिए उन्हें सम्मानित भी किया।

उन्होंने आरोप लगाया, मोदी सरकार की गैरबराबरी वाली टीकाकरण नीति के कारण करोड़ों दलित, आदिवासी, ओबीसी, गरीब और कमजोर लोग टीके से उपेक्षित रह जाएंगे। यह हैरान करने वाली बात है कि मोदी सरकार लोगों के प्रति अपनी नैतिक प्रतिबद्धता और कर्तव्यों को छोड़ दिया है।

संसाधनों का उपयोग करने में नाकाम रही सरकार

मोदी सरकार भारत की कई क्षमताओं और संसाधनों का उपयोग करने में विफल रही है। मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहती हूं कि आज भारत को उस राजनीतिक नेतृत्व ने निर्बल बना दिया है जिसे जनता के प्रति कोई सहानुभूति नहीं है। मोदी सरकार ने देश के लोगों को निराश किया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *