लुधियाना : पंजाब के फिरोजपुर जिले में शनिवार को एक खेत से टिफिन में हैंड ग्रेनेड पड़ा मिला। सूचना के बाद जीरा के डीएसपी व पुलिस के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच चुके है। जालांधर से बम को डिफ्यूज करने वाली टीम को बुलाया गया है। उसके बाद बम को डिफ्यूज किया जाएगा। साथ ही पुलिस आसपास के इलाकों में भी छानबीन कर रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि यह बम यहां पर किसने रखा था। अभी जालांधर से टीम नहीं पहुंची है।
गांव सेखवां के खेत में बम मिलने के बाद से सनसनी फैली हुई है। इसके साथ ही पुलिस विभाग में हड़कंप मचा है। खतरा इसलिए भी ज्यादा है, क्योंकि पंजाब के कुछ जिलों में लगातार इस तरह से खेतों में बम मिल रहे हैं। बम मिलने की जानकारी के बाद किसी भी पुलिस अधिकारी ने कुछ बयान नहीं दिया है। एसएसपी फिरोजपुर हरमनदीप सिंह हंस का कहना है कि अभी इस संबंधी कुछ भी बताया नहीं जा सकता है। हम जांच कर रहे हैं और जल्द ही इस संबंध में जानकारी साझा की जाएगी।
BSF ने फिरोजपुर में जगह-जगह पर नाकाबंदी कर की जांच
बार्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) को केंद्र सरकार की तरफ से बॉर्डर लाइन से 50 किलोमीटर के एरिया में जांच करने के अधिकार दिए गए हैं। शनिवार को BSF की तरफ से पहली बार फिरोजपुर शहर में आकर वाहन चेक किए हैं। BSF की तरफ से फिरोजपुर में जगह-जगह पर नाकाबंदी की हुई थी और बड़े स्तर पर वाहनों को चैक किया गया। बता दें कि कुछ समय पहले ही केंद्र सरकार ने BSF का दायरा बढ़ाया था। इसको लेकर खूब सियासत भी हो रही है। कांग्रेस और अकाली दल ने इसका विरोध भी जताया था और मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने इसे लेकर देश के गृह मंत्री से मुलाकात तक की थी।
