जयपुर: राजस्थान में सरकारी स्कूलों में लेवल-1 और लेवल-2 के रिक्त पदों को भरने के लिए शिक्षा विभाग ने 32 हजार पदों की भर्ती की विज्ञप्ति जारी कर दी है। जिसके तहत प्राथमिक और उच्च प्राथमिक के साथ ही विशेष शिक्षा के पदों पर आवेदन मांगे गए हैं। लेकिन अब तक रीट (REET) की पात्रता प्राप्त करने वाले 11 लाख से अधिक अभ्यर्थियों को पात्रता प्रमाण पत्र नहीं मिल पाए है। जिसको लेकर अब छात्र भी असमंजस की स्थिति में है।
दरअसल, राजस्थान में 26 सितंबर को रीट का आयोजन किया गया था। इसके बाद आनन-फानन में बोर्ड ने 36 दिनों में ही रीट का रिजल्ट भी जारी कर दिया। जिसमें 11 लाख 4 हजार 216 अभ्यर्थी पात्र हुए थे। इसके बाद बोर्ड ने 32 हजार पदों पर भर्ती का ऐलान किया। जिसके लिए 10 जनवरी से आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू हो रही है। लेकिन अब तक बोर्ड ने पात्र अभ्यर्थियों को पात्रता प्रमाण पत्र जारी नहीं किए हैं। जिसकी वजह से 10 जनवरी से शुरू होने वाली भर्ती प्रक्रिया में अभ्यर्थी शामिल नहीं हो सकेंगे।
वहीं राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष प्रो.डीपी जारौली ने कहा है कि प्रमाण पत्रों की प्रिंटिंग चल रही है। इस बार अभ्यर्थियों कि संख्या ज्यादा थी। ऐसे में इतनी अधिक संख्या में प्रमाण पत्रों की प्रिंटिंग में समय लगता है। फिर भी एक सप्ताह में पात्रता प्रमाण पत्र का वितरण शुरू कर दिया जाएगा।
32 हजार पदों के लिए आवेदन 10 से
इस सरकार ने 32 हजार पदों के लिए शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। इसके लिए आवेदन 10 जनवरी से 9 फरवरी तक भरे जाएंगे। इसलिए अभ्यर्थियों को रीट (REET) के प्रमाण-पत्रों की जरूरत पड़ेगी। भर्ती प्रक्रिया के दौरान एक से अधिक पद की योग्यता या पात्रता होने पर अभ्यार्थी को अलग-अलग आवेदन करना होगा।
