नई दिल्ली: राष्ट्रपति चुनाव के लिए बीजेपी ने अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। देश के अगले राष्ट्रपति पद के लिए NDA ने झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मु को प्रत्याशी घोषित कर दिया है। वहीं, विपक्ष ने यशवंत सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है। बीजेपी पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मीडिया में द्रौपदी मुर्मू के नाम का ऐलान करते वक्त इस बात पर जोर दिया कि इस बार एक महिला राष्ट्रपति को मौका मिलना चाहिए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि देश को पहली बार आदिवासी समुदाय से एक राष्ट्रपति मिलने वाली है। तो वहीं दूसरी तरफ उन्होंने महिला सशक्तिकरण को लेकर भी संदेश दिया है। द्रौपदी मुर्मू देश की पहली आदिवासी राज्यपाल 2015 में बनाई गई थीं।
बता दे कि, विपक्ष ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेता यशवंत सिन्हा को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार तय किया है। इसके बाद सिन्हा ने तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया। एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने इस बात के संकेत दिए थे कि वे राष्ट्रपति चुनाव की रेस में शामिल होने के लिए तैयार हैं। नई दिल्ली में विपक्ष की बैठक में एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा कि हम 27 जून को सुबह 11.30 बजे राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने जा रहे है।
देश के नए राष्ट्रपति का चुनाव 18 जुलाई को होना है। वोटों की गिनती 21 जुलाई को शुरू होगी। चुनाव आयोग ने अधिसूचना जारी किए जाने के साथ ही नामांकन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 29 जून है।