नई दिल्ली। कांग्रेस उत्तराखंड, गोवा और पंजाब के विधायक उम्मीदवारों को नतीजों से पहले ही राजस्थान शिफ्ट कर सकती है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की दिल्ली में राहुल गांधी के आवास पर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और केसी वेणुगोपाल के साथ हुई मंत्रणा के बाद इस बात के संकेत मिल रहे हैं।
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ 5 राज्यों के चुनावों के बाद की रणनीति पर हुई चर्चा में चुनाव नतीजों से पहले बाड़ेबंदी को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। बाड़ेबंदी का जिम्मा राजस्थान को सौंपा जा सकता है। सूत्रों ने भी इसकी पुष्टि की और बताया कि 10 मार्च से पहले ही राजस्थान में तीन से चार राज्यों के विधायक उम्मीदवारों को लाया जा सकता है। राजस्थान में इससे पहले महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश के विधायकों की बाड़ेबंदी हो चुकी है। असम के विधायक उम्मीदवारों को भी राजस्थान लाया गया था।
