जलगांव : जिले के पचोरा में देर रात एक तीन मंजिला इमारत ताश के पत्ते की तरह जमींदोज हो गई। गनीमत यह थी कि इसमें रह रहे परिवारों को सही समय पर इसके जर्जर होने की जानकारी मिल गई थी और उन्होंने इसे खाली कर दिया था। इसलिए इसमें कोई भी हताहत नहीं हुआ है। हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें इमारत को गिरते हुए देखा जा सकता है।
सिर्फ 5 साल पहले बनी थी यह इमारत
इस मामले की सबसे खास बात यह है कि इस इमारत का निर्माण सिर्फ पांच साल पहले ही किया गया था। पुलिस के मुताबिक, इमारत के निर्माण के दौरान इसमें तकनीकी खामी थी, इस वजह से यह लगातार एक ओर झुक रही थी। दो महीने पहले इस इमारत के अंदर के कई हिस्सों में दरार आ गई थी, इसके बावजूद इसमें कुछ परिवार रहे थे।
दो महीने पहले ही इसे खाली करने को कहा गया था
इसे बनवाने वाले साजेदावी शेख खल्ली ने बताया कि उन्होंने इस इमारत का निर्माण किराए पर लोगों को देने के लिए करवाया था। मूसलाधार बारिश के कारण इमारत की दीवारों में दरार आ गई थी। इसलिए इसमें रहने वाले लोगों को इसे खाली करने को कह दिया गया था। वे धीरे-धीरे इसे खाली भी कर रहे थे। सोमवार की रात, हल्की बारिश के बावजूद इमारत ताश के पते की तरह ढह गई। सौभाग्य से, कोई हताहत नहीं हुआ।
