लखीमपुर/लखनऊ : लखीमपुर खीरी जा रहे कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू का काफिला यूपी बॉर्डर पर सहारनपुर में रोक दिया गया। इससे नाराज कांग्रेसियों ने यूपी पुलिस का पहला बैरिकेड तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने सिद्धू और उनके साथ गए मंत्री अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, विजयेंद्र सिंगला, गुरकीरत कोटली समेत कई विधायक हिरासत में लिया है।
इससे पहले मोहाली में सिद्धू ने कहा था कि अगर कल (शुक्रवार) तक केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र के बेटे आशीष की गिरफ्तारी नहीं हुई मैं भूख हड़ताल पर बैठ जाऊंगा। इस बीच सपा नेता अखिलेश यादव लखीमपुर पहुंच गए हैं। उन्होंने मृतक लवप्रीति के परिवार से मुलाकात की।
आशीष की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
लखीमपुर हिंसा के मामले में पुलिस ने दो आरोपी को गिरफ्तार किया और 3 आरोपी को हिरासत में लिया। लव कुश और आशीष पांडेय गिरफ्तार किए गए हैं। आशीष मिश्र की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी चल रही है। उन्हें समन भी भेजा गया है।
लखीमपुर खीरी हिंसा को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने UP सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया है। कोर्ट ने सरकार को अब तक हुई जांच की स्टेटस रिपोर्ट कल तक सौंपने का आदेश दिया है। इसके अलावा पूछा है कि जिन लोगों के खिलाफ FIR हुई, वे गिरफ्तार हुए क्या? जो लोग आरोपी हैं, उनके खिलाफ जानकारी दी जाए।