मुंबई : भारत की महिला और पुरुष क्रिकेट टीम 2 जून को इंग्लैंड दौरे के लिए रवाना होगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इसके लिए दोनों टीम के खिलाड़ियों को 19 मई तक मुंबई में बने बायो-बबल में एंट्री के लिए कहा था। वहीं, विराट कोहली, रोहित शर्मा, रविंद्र जडेजा और अजिंक्य रहाणे समेत कुछ खिलाड़ियों को बोर्ड ने शर्त के तहत 24 मई तक एंट्री की इजाजत दी थी।
सोमवार को ये खिलाड़ी भी बायो-बबल में एंट्री कर गए। हालांकि, BCCI प्रोटोकॉल को लेकर सख्त है और इन्हें 19 मई को क्वारैंटाइन हुए खिलाड़ियों से मिलने या उनके साथ वर्क-आउट करने की इजाजत नहीं दी गई है। विराट समेत कई खिलाड़ियों को उनके रूम में ही वर्क-आउट करने को कहा गया है।
विराट-रहाणे समेत कुछ खिलाड़ियों को 7 दिनों का क्वारैंटाइन
बोर्ड के अधिकारी ने बताया कि बायो-बबल को लेकर काफी प्लानिंग की गई है। उन्होंने कहा- सोमवार को एंट्री करने वाले खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं होगी। उनके लिए अलग से व्यवस्था की गई है और वहीं वे 7 दिन का क्वारैंटाइन पूरा करेंगे। उन्हें सीधे टीम से नहीं जुड़ने दिया जाएगा। विराट समेत मुंबई के खिलाड़ी अब इंग्लैंड रवाना होने वाले दिन ही टीम से जुड़े पाएंगे। उनके लिए जरूरी सुविधा उनके रूम तक पहुंचाई जाएगी।
विराट-रहाणे समेत कुछ खिलाड़ियों की हर रोज जांच होगी
अधिकारी ने बताया कि विराट समेत तमाम खिलाड़ियों के लिए उनके रूम में साइकिल्स, डमबल्स और बार्स की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही इनकी हर रोज कोरोना जांच की जाएगी। 19 मई को जॉइन करने वालों खिलाड़ियों को इससे राहत है। उन खिलाड़ियों की जांच में एक दिन का गैप रखा गया है। हम इस नियम में थोड़ी भी राहत नहीं दे सकते। इस दौरान किसी भी खिलाड़ी को प्रैक्टिस की भी इजाजत नहीं होगी।
