नई दिल्ली : उत्तर रेलवे ने दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में हुई पहलवान सागर की हत्या के कथित मुख्य आरोपी ओलंपिक पदक विजेता सुशील कुमार (Sushil Kumar) को नौकरी से सस्पेंड कर दिया है। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी दीपक कुमार ने मंगलवार को बताया कि सुशील कुमार को उत्तर रेलवे में नौकरी से सस्पेंड कर दिया गया है, क्योंकि उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज है और आपराधिक जांच चल रही है।
उत्तर रेलवे में वरिष्ठ वाणिज्यिक प्रबंधक
ओलंपिक पुरस्कार विजेता सुशील कुमार उत्तर रेलवे में वरिष्ठ वाणिज्यिक प्रबंधक है। वह 2015 से प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली सरकार में हैं जिसने उन्हें स्कूली स्तर पर खेलों के विकास के लिए छत्रसाल स्टेडियम में विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) के तौर पर तैनात किया था। अधिकारियों ने बताया कि 2020 में सुशील कुमार की प्रतिनियुक्ति की अवधि बढ़ाई गई थी और उन्होंने 2021 में भी सेवा विस्तार के लिए आवेदन दिया था, लेकिन दिल्ली सरकार ने उनके अनुरोध को खारिज कर दिया और उन्हें उनके मूल कैडर उत्तर रेलवे में भेज दिया गया।
ब्लंट ऑब्जेक्ट से किया सिर पर वार
पोस्टमार्टम में खुलासा हुआ है कि किसी ब्लंट-ऑब्जेक्ट यानी धारदार हथियार से उस पर वार किया गया, क्योंकि उसके शरीर पर 1 से 4 सेंटीमीटर के गहरे जख्म मौजूद थे। ये ज़ख्म इतने गहरे थे कि हड्डियों तक चोंट पहुंची थी। छाती और पीठ पर 5×2 cm और पीठ पर 15×4 cm के ज़ख्म पाये गए। जहांगीर पूरी के BJRMH hospital के डॉक्टर मुनीश वधावन की रिपोर्ट के मुताबिक विसरा और ब्लड सैंपल जांच के लिए सीलबंद कर दिए गए हैं। सिर पर किसी ब्लंट ऑब्जेक्ट से वार करने की वजह से मौत वजह हो सकती है। डॉक्टरों की राय है कि शरीर पर पाए गए सभी चोट के निशान मौत से पहले के हैं।
