नई दिल्ली: दिल्ली में ऑक्सीजन की कमी के मामले की सुनवाई करते हुए दिल्ली हाईकोर्ट ने शनिवार को कड़ा रुख अख्तियार करते हुए कहा है कि पानी अब सिर से ऊपर चला गया है। केंद्र अभी सब कुछ व्यवस्थित करे। दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार को निर्देश दिया कि दिल्ली को आज से ही किसी भी कीमत पर 490 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। हाईकोर्ट ने कहा, ‘हमारे सामने 8 लोगों की जान चली गई और लोगों की मौत पर हम आंख नहीं मूंद सकते। ‘ मामले की अगली सुनवाई सोमवार को होगी।
दिल्ली हाई कोर्ट ने केंद्र से कहा, हमें काम से मतलब है। पानी सिर के ऊपर चला गया है। इसके साथ ही आदेश टालने के केंद्र के आग्रह को उच्च न्यायालय ने ठुकरा दिया। उच्च न्यायालय ने केंद्र से कहा – क्या आपका मतलब यह है कि दिल्ली में लोग मर रहे हैं और हम अपनी आंख बंद किए रहें। हाई कोर्ट ने 490 मीट्रिक टन ऑक्सीजन दिल्ली को आज से ही आवंटित करने के निर्देश दिए और ऐसा न करने पर अवमानना की कार्रवाई का सामना करना होगा। हाई कोर्ट ने बत्रा अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी से आठ लोगों की मौत का संज्ञान लेते हुए केंद्र से कहा- ‘अब बहुत हो गया।’
उच्च न्यायालय ने केंद्र को ऑक्सीजन टैंकर छोड़े जाने पर कानून अधिकारी द्वारा आश्वासन को पूरा करने का निर्देश दिया और अनुपालन पर तीन मई तक रिपोर्ट सौंपने को कहा। हाई कोर्ट ने कहा, अस्पतालों में ऑक्सीजन संयंत्र आवश्यक हैं और इनका न होना गैर जिम्मेदाराना है. हाई कोर्ट ने यह भी कहा, हमें अनुभवों से सीखना चाहिए और ऑक्सीजन संयंत्रों की स्थापना करनी चाहिए।
सेना से क्यों मदद नहीं मांगी
वहीं, इस मामले की सुनवाई के दौरान दिल्ली सरकार ने कहा कि सरकार राजधानी में बेड़ों की संख्या 150000 तक बढ़ाने जा रही है। हम 15 हजार अतिरिक्त बेड लगा रहे हैं, लेकिन हमारे पास इन बेड्स के लिए ऑक्सीजन नहीं है। इस पर दिल्ली हाई कोर्ट ने सवाल उठाया और कहा कि दिल्ली सरकार ने अबतक आर्मी, नेवी और एयरफोर्स की मदद के लिए अबतक रिक्वेस्ट क्यों नहीं की है।
