श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर में अखनूर सेक्टर के कानाचक में पुलिस ने शुक्रवार तड़के एक ड्रोन को मार गिराया गया। इससे 5 किलोग्राम IED बरामद हुआ है। यह ड्रोन भारतीय सीमा में 6 किलोमीटर अंदर तक घुस आया था। इस तरह ड्रोन के जरिए हमले की बड़ी साजिश नाकाम कर दी गई है। जम्मू जोन के IG मुकेश सिंह ने बताया कि ड्रोन को रात 1 बजे देखा गया। इससे लाई गई IED करीब तैयार हालत में थी। उस पर GPS लगा हुआ था। इसे किसी आतंकी तक पहुंचाया जाना था। हालांकि अभी तक रिसीवर का पता नहीं चल पाया है।
चीन, हांगकांग और ताइवान में ड्रोन के पार्ट्स बनाए गए
उन्होंने बताया कि ड्रोन 17 किलो का है। उसके पार्ट्स चीन, हांगकांग और ताइवान में बनाए गए हैं। इसी सीरीज का ड्रोन कठुआ में मिला था। अब तक ड्रोन से भेजे गए 16 AK-47 राइफल, 34 पिस्तौल, 15 ग्रेनेड, IED और 4 लाख रुपये की करेंसी बरामद की जा चुकी है। आईजी ने कहा कि 15 अगस्त को लेकर तैयारी चल रही है। सुरक्षा बढ़ाई जा रही है। ड्रोन के संभावित हमलों को रोकने की पूरी तैयारी है। जैश की साजिश की खबर मिली है। जो इनपुट मिले हैं, उन पर काम चल रहा है।
मारे गए आतंकियों के पास से विस्फोटक और हथियार बरामद
जम्मू-कश्मीर के सोपोर में सुरक्षाबलों ने एनकाउंटर में दो आतंकियों को मार गिराया। दोनों पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े थे। इनमें एक की पहचान फयाज वार के तौर पर हुई है। वह हत्या के कई मामलों में आरोपी था। दहशतगर्दों के पास से भारी मात्रा गोला-बारूद बरामद हुआ।
