धनबाद : झारखंड के धनबाद में जिला एवं अतिरिक्त न्यायाधीश उत्तम आनंद की हत्या का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। गुरुवार को चीफ जस्टिस एनवी. रमना के सामने इस मसले को उठाया गया, जिसपर चीफ जस्टिस ने कहा है कि उन्होंने इस मसले पर झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस से बात की है। दरअसल, गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन द्वारा इस मसले को सुप्रीम कोर्ट में उठाया गया, जिसपर जस्टिस चंद्रचूड़ और जस्टिस एमआर शाह ने इसे मामले को चीफ जस्टिस के सामने उठाने को कहा।
पूरे मामले में चीफ जस्टिस ने की टिप्पणी
SCBA अध्यक्ष विकास सिंह ने इसका CJI की कोर्ट में ज़िक्र किया। चीफ जस्टिस एनवी. रमना ने बताया कि उन्होंने झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस से बात की है। हाईकोर्ट ने भी इस मामले में खुद संज्ञान लेकर राज्य सरकार को नोटिस सौंपा है और घटना पर जवाब मांगा है। धनबाद के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को तलब किया गया है। सुप्रीम कोर्ट के मुताबिक, हाईकोर्ट गुरुवार को ही इस मामले को सुनेगी। अभी ये मामला हाईकोर्ट के पास ही रहने दें, हमारे दखल की अभी ज़रूरत नहीं है।
ऑटो चालक समेत दो और संदिग्धों को हिरासत में लिया
वहीं, पुलिस ने जज को टक्कर मारने वाले ऑटो को बुधवार देर रात गिरिडीह से बरामद कर लिया। जांच में पता चला है कि ऑटो मंगलवार को चोरी हुआ था और बुधवार सुबह 5.08 बजे जज उत्तम आनंद को टक्कर मार दी गई। वे सुबह पांच बजे माॅर्निंग वाॅक पर निकले थे। बाद में घर से कुछ दूरी पर ही वे खून से लथपथ मिले। डेढ़ घंटे के बाद कुछ युवकों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। वहां इमरजेंसी में घंटे भर इलाज के बाद उन्हें सर्जिकल ICU में भर्ती किया गया और सुबह 9.30 बजे उनकी माैत हाे गई थी। पुलिस ने इस मामले में ऑटो चालक समेत दो और संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
पत्नी की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज किया
पुलिस काे मिले CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि सुबह 5:08 बजे जज उत्तम आनंद सड़क किनारे चल रहे थे। इसी दाैरान खाली सड़क पर जा रहा एक ऑटाे अचानक उनकी ओर घूमा और टक्कर मारते हुए निकल गया। पुलिस ने उत्तम आनंद की पत्नी की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
गैंगस्टर समेत 15 अपराधियों का केस देख रहे थे उत्तम आनंद
उत्तम आनंद हाेटवार जेल में बंद गैंगस्टर समेत 15 बड़े अपराधियाें के मामलों की सुनवाई कर रहे थे। उनके पास लंबित केसों में कई हाई प्रोफाइल मर्डर और आदतन अपराधियों के मुकदमे भी शामिल थे। उन्होंने दो मामलों में दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। आनंद के छोटे भाई सुमन शंभु ने भी केसों के सिलसिले में सजा पाए आरोपियों की खुन्नस को हत्या की वजह बताया है।
पोस्टमॉर्टम में खुलासा- सिर पर भारी चीज से चोट के निशान
मेडिकल बोर्ड ने उत्तम आनंद के शव के पोस्टमाॅर्टम की वीडियोग्राफी भी करवाई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक उनके सिर पर भारी चीज से चोट के निशान मिले हैं। आनंद के पिता का कहना है कि उनके बेटे के सिर पर पहले राॅड से हमला किया गया, फिर ऑटाे से टक्कर मारी गई।


