बंगाल की खाड़ी पहुंचा साइक्लोन असानी

साइक्लोन

भुवनेश्वर : साल का पहला चक्रवाती तूफान असानी का असर आज यानी रविवार से दिखेगा। इस साइक्लोन ने शनिवार को अंडमान सागर से बंगाल की खाड़ी में एंट्री की, जिसके बाद मौसम विभाग (IMD) ने ओडिशा और बंगाल में आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, 10 मई को ओडिशा के पुरी-गंजाम के समुद्री तटों से तूफान टकरा सकता है। IMD ने बताया तूफान के दौरान हवा की स्पीड 125 KM घंटा तक जा सकती है। इधर, बिहार-झारखंड के कुछ जिलों में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

ओडिशा में 7.5 लाख लोगों को निकालने की तैयारी

ओडिशा स्पेशल रिलीफ कमिश्नर पीके जेना ने बताया कि सरकार समुद्री तटों पर रहने वाले करीब 7.5 लाख लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेजने की तैयारी कर चुकी है। तूफान की स्पीड अधिक रहने का खतरा हुआ, तो लोगों को तुरंत दूसरी जगह ले जाया जाएगा। चक्रवाती तूफान असानी का असर ओडिशा के अलावा बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए भी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

तूफान का डायरेक्शन बदल सकता है: IMD

IMD कोलकाता के निदेशक जीके दास ने कहा है कि तूफान अभी बंगाल की खाड़ी में उच्च दबाव में है। आने वाले कुछ घंटों में तूफान का डायरेक्शन बदल भी सकता है और यह ओडिशा के बजाय बंगाल के किसी समुद्री तट से टकरा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *