सूरत : कांग्रेस नेता राहुल गांधी आपराधिक मानहानि के एक मुकदमे में अपना अंतिम बयान दर्ज कराने के लिए गुरुवार को सूरत की एक मजिस्ट्रेट अदालत में पेश हुए। गुजरात के एक विधायक ने ‘‘मोदी उपनाम’’ पर गांधी की टिप्पणी को लेकर यह मुकदमा दर्ज कराया था। सूरत के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ए एन दवे ने एक हफ्ते पहले राहुल गांधी को निर्देश दिया था कि सूरत से भाजपा विधायक पूर्णेश मोदी द्वारा दर्ज कराए गए अवमानना मामले में अंतिम बयान दर्ज कराने के लिए 24 जून को मौजूद रहें।
पूर्णेश मोदी ने अप्रैल 2019 में राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। सूरत पश्चिम सीट से विधायक पूर्णेश मोदी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि 2019 में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने यह कहकर पूरे मोदी समुदाय को बदनाम किया था कि ‘सभी चोरों के नाम में मोदी क्यों लगा होता है?’
