Headlines

‘यूपी-बिहार के भइया’ वाले बयान पर सीएम चन्नी की सफाई : कहा – AAP के बारे में बोला था, प्रवासियों से तो हमारा दिल का रिश्ता

चन्नी

चंडीगढ़ : प्रियंका गांधी के सामने ही UP-बिहार वालों को ‘भइया’ कहने वाले पंजाब के CM चरणजीत सिंह चन्नी बैकफुट पर आ गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अबोहर रैली में कांग्रेस को इस मुद्दे पर घेरा तो सीएम चन्नी ने सोशल मीडिया पर आकर अपने बयान पर सफाई दी। चन्नी ने कहा कि प्रवासियों से तो हमारा नाखून-मांस का रिश्ता है। हम उन्हें दिल से प्यार करते हैं। कुछ लोग जानबूझकर उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहे हैं। चन्नी ने कहा कि उन्होंने सिर्फ पंजाब में अराजकता फैलाने के लिए आए आम आदमी पार्टी वालों के लिए यह बात कही थी। जिसका गलत मतलब निकालकर गुमराह किया जा रहा है।

चन्नी ने कहा कि जितने भी प्रवासी हैं, वह खून-पसीना लगाकर पंजाब को विकास के रास्ते पर ले गए हैं। उन्होंने हमारी खेती को कामयाब किया है। यूपी, बिहार, राजस्थान और कहीं से भी आकर जो लोग यहां काम करते हैं, पंजाब उनका भी उतना ही है, जितना हमारा है। पंजाबी भी अलग-अलग जगह रहकर काम करते हैं।

चन्नी ने कहा कि प्रवासी लोग केजरीवाल जैसे लोगों से खुद को जोड़कर न देखें। यह लोग पंजाब में अराजकता फैलाने के लिए आए हैं। प्रवासी लोग पंजाब में विकास के लिए आते हैं। चन्नी ने कहा कि मैं फिर कहना चाहता हूं कि जो दुर्गेश पाठक, संजय सिंह, अरविंद केजरीवाल जैसे लोग बाहर से आकर पंजाब में खलल डालते हैं, मैंने उनके लिए यह बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *