नई दिल्ली : पैगंबर मोहम्मद साहब पर विवादित बयान के बाद भाजपा ने प्रवक्ता नूपुर शर्मा को पार्टी से 6 साल के लिए निलंबित कर दिया है। भाजपा ने कहा कि हम सभी धर्मों और उनके पूज्यों का सम्मान करते हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने एक लेटर जारी कर कहा कि भाजपा सभी धर्मों का सम्मान करने वाली पार्टी है। भाजपा से सस्पेंड होने के बाद नुपूर शर्मा ने अपना बयान वापस ले लिया है। शर्मा ने ट्वीट कर लिखा- टीवी डिबेट में मेरे भगवान के खिलाफ विवादित बोल बोले जा रहे थे, जो मुझे बर्दाश्त नहीं हुआ। इसी रोष में आकर मैंने कुछ आपत्तिजनक कह दिया, जिसे अब बिना शर्त वापस लेती हूं।
भाजपा ने नूपुर शर्मा के अलावा दिल्ली प्रदेश प्रवक्ता नवीन जिंदल पर भी कार्रवाई की है। जिंदल को भी पार्टी से बाहर कर दिया गया है। नूपुर के बयान का समर्थन करते हुए जिंदल ने ट्वीट किया था। वहीं जिंदल ने कहा है कि उनकी टिप्पणी का उद्देश्य किसी भी समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था।
कतर ने कार्रवाई का किया स्वागत
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, कतर की फॉरेन मिनिस्ट्री ने भारतीय राजदूत डॉक्टर दीपक मित्तल को तलब किया और उन्हें ऑफिशियल नोट सौंपा। इसमें भाजपा प्रवक्ता द्वारा पैगंबर मोहम्मद पर की गई टिप्पणी पर विरोध जताया। भाजपा ने प्रवक्ता नूपुर शर्मा को सस्पेंड कर दिया, जबकि नवीन जिंदल को पार्टी से निकाल दिया। कतर ने भाजपा का इस कदम का स्वागत किया।
इसके बाद कतर में मौजूद भारतीय दूतावास ने एक बयान जारी किया। कहा- जिन ट्वीट्स के बारे में बात की जा रही है, वो भारत सरकार के विचार नहीं हैं। भारत सरकार सभी धर्मो का सम्मान करती है। जिन लोगों ने आपत्तिजनक बयान जारी किए हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।