बिपरजॉय कुछ ही देर में गुजरात पहुंचने वाला है, कच्छ-सौराष्ट्र में भारी बारिश

cyclone

सौराष्ट्र: चक्रवाती तूफान बिपरजॉय तेज रफ्तार के साथ गुजरात की तरफ बढ़ रहा है। चक्रवात बिपरजॉय बेहद खतरनाक हो चुका है। मौसम विभाग के अनुसार यह सौराष्ट्र-कच्छ की तरफ बढ़ रहा है। यह गुरुवार रात 6 से 8 बजे तक कच्छ के जखौ पोर्ट पहुंच सकता है। चक्रवात बिपरजॉय फिलहाल जखाऊ पोर्ट से 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहा है। यह उत्तर पूर्व की ओर बढ़ते हुए कच्छ, सौराष्ट्र को पार करने वाला है। इसकी रफ्तार 115-125 किमी प्रति घंटा होने वाली है। शाम से मध्य रात्रि तक लैंडफॉल जारी रहेगा इस दौरान हालात बेहद खराब हो सकते हैं। सौराष्ट्र और कच्छ में इसका ज्यादा असर हो सकता है। महाराष्ट्र और राजस्थान में भी इसका असर देखा जा रहा है। समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं। कई जिलों में भारी बारिश हो रही है।

कमांडर कोस्ट गार्ड रीजन-नॉर्थ वेस्ट के इंस्पेक्टर जनरल ए.के. हरबोला ने बताया- हमने गुजरात में 15 जहाज और 7 एयरक्राफ्ट तैयार रखे हैं। शाम 6 से 8 बजे के बीच लैंडफॉल की संभावना के चलते 27 NDRF की टीमें भी तैनात हैं। एहतियात के तौर पर लगभग एक लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। 76 से ज्यादा ट्रेनें रद्द की गई हैं। लोगों को घरों से बाहर ना निकलने की सलाह दी गई है। इसके अलावा एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की कई टीमें तैनात की गई हैं। राज्य और केंद्र सरकार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। बिपरजॉय की वजह से द्वारकाधीश मंदिर को आज श्रद्धालुओं के लिए बंद किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, गुजरात के अलावा 10 अन्य राज्यों में इस तूफान का असर देखा जा रहा है। इनमें राजस्थान, महाराष्ट्र, कर्नाटक, लक्षद्वीप, केरल, असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय शामिल हैं। यहां के कई इलाकों में तेज हवाएं चल रही हैं और बारिश हो रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *