Headlines

2014 से पहले महंगाई डबल डिजिट में थी, तब कांग्रेस को चिंता क्यों नहीं हुई- पीएम मोदी

पीएम मोदी

नई दिल्ली : पीएम मोदी ने सोमवार को लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण को लेकर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब दिया। पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत में लता मंगेशकर को याद किया और कहा कि इतने लंबे समय तक उनकी आवाज ने देश को भावनाओं से भर दिया। पीएम ने लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि दी।

पीएम मोदी ने कहा कि कोरोना काल के बाद दुनिया नई व्यवस्था की ओर आगे बढ़ी है। भारत को इस मामले में नेतृत्व के मसले पर पीछे नहीं रहना है। पीएम मोदी ने कहा कि सरकार की योजनाओं की राशि सीधे उसके खाते में पहुंचती हों। अगर आप जनता के बीच रहते हो तो जरूर ये चीजें दिखाई देती हैं। दुर्भाग्य ये हैं कि कई लोगों का कांटा 2014 में अटका हुआ है। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि देश की जनता आपको पहचान गई है। इतना सारा उपदेश देते हैं तब भूल जाते हैं कि आपने भी 50 साल तक यहां बैठने का सौभाग्य प्राप्त किया था। उन्होंने कहा कि नागालैंड ने करीब 24 साल हो गए जब लोगों ने कांग्रेस के लिए वोट किया था। गोवा ने 28 साल से आपको स्वीकार नहीं किया। पीएम ने कांग्रेस पर शायराना अंदाज में भी तंज किया।

वो जब दिन को रात कहें तो तुरंत मान जाओ,
नहीं मानोगे तो वो दिन में नकाब ओढ़ लेंगे
जरूरत हुई तो हकीकत को थोड़ा बहुत मरोड़ लेंगे
वो मगरूर है खुद की समझ पर बेइंतहा
उन्हें आइना मत दिखाओ, वो आइने को भी तोड़ देंगे

प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में नाम लिए बिना राहुल गांधी को भी जवाब दिया। पीएम मोदी ने कहा कि देश के उद्यमियों को कोरोना वैरिएंट कहना ठीक नहीं है। दरअसल राहुल ने बुधवार को कहा था कि देश की अर्थव्यवस्था में डबल A वैरिएंट फैल रहा है। डबल A यानी अंबानी और अडाणी। उन्होंने कहा था कि दो हिन्दुस्तान बन रहे हैं, एक अमीरों का हिन्दुस्तान और दूसरा गरीबों का हिन्दुस्तान, इन दो हिन्दुस्तानों के बीच में खाई बढ़ती जा रही है।

महंगाई पर नेहरू का भाषण याद दिलाया

पीएम मोदी ने लोकसभा में एक बार फिर पंडित नेहरू को याद किया। उन्होंने कहा कि महंगाई पर नेहरूजी ने लाल किले पर से कहा था कि कभी-कभी कोरिया में लड़ाई भी हमें प्रभावित करती है। इसके चलते वस्तुओं की कीमतें बढ़ जाती है और यह हमारे नियंत्रण से भी बाहर हो जाती है। अगर अमेरिका में भी कुछ हो जाता है, तो वस्तुओं की कीमतें बढ़ जाती है। ये उस वक्त कहा गया था जब ग्लोबलाइजेशन नहीं था।पीएम मोदी ने कहा कि देश में जब लॉकडाउन का पालन किया जा रहा था, सारे एक्सपर्ट कह रहे थे कि जो जहां हैं वहीं रहें, तब कांग्रेस के लोगों ने मुंबई के रेलवे स्टेशन पर मजदूरों को फ्री में टिकट दिया। लोगों से कहा कि तुम यूपी और बिहार के हो, जाओ वहां कोरोना फैलाओ। कांग्रेस ने ऐसा करके बड़ा पाप किया।’ पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली में ऐसी सरकार है, जिसने माइक बांध कर ऐलान करवाया कि सभी मजदूर घर जाएं। यूपी, उत्तराखंड, पंजाब में लोग कांग्रेस के पाप के कारण कोरोना की चपेट में आए।

विपक्ष को नसीहत- अंधविरोध ठीक नहीं

पीएम मोदी ने कहा कि बीते दो साल से पूरी दुनिया 100 साल का सबसे बड़ा वैश्विक महामारी का संकट झेल रही है। इस कोरोना को भी दलगत राजनीति के लिए प्रयोग किया गया, ये मानवता के लिए सही नहीं है। मोदी ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि उल्टी टोपी क्यों पहन रहे हैं। प्रधानमंत्री के बयान इस पर सदन में विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया। पीएम मोदी ने कहा कि। हम सब संस्कार से, व्यवहार से लोकतंत्र के लिए प्रतिबद्ध लोग हैं और आज से नहीं, सदियों से हैं। ये भी सही है कि आलोचना जीवंत लोकतंत्र का आभूषण है, लेकिन अंध विरोध लोकतंत्र का अनादर है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *