Headlines

जल जीवन मिशन : अब प्रदेश के एक हजार से अधिक गांवों में सभी परिवारों को ‘हर घर जल’ कनेक्शन की सौगात

जल जीवन मिशन

जयपुर। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) द्वारा जल जीवन मिशन के तहत प्रदेश के ग्रामीण पेयजल परियोजनाओं के कार्यों को युद्ध स्तर पर संपादित किया जा रहा है। प्रदेश में सभी परिवारों को ‘हर घर जल’ कनेक्शन वाले गांवों की संख्या अब एक हजार के पार पहुंच गई है। इन गांवों में सभी लोगों को अपने घर पर ही नल कनेक्शन के माध्यम से स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। पीएचईडी के जनसम्पर्क प्रकोष्ठ की ओर से बताया गया कि जलदाय मंत्री डॉ. महेश जोशी ने वर्ष 2024 तक प्रदेश के सभी ग्रामीण परिवारों को ‘हर घर जल’ कनेक्शन के लक्ष्य को राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए विभागीय अधिकारियों को दिन-रात कड़ी मेहनत के साथ जेजेएम के कार्यों को ‘मिशन-मोड‘ में आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। डॉ. जोशी का कहना है कि विभाग द्वारा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की मंशा और मार्गदर्शन के अनुरूप जेजेएम की प्रगति की सख्त मॉनिटरिंग एवं नियमित समीक्षा से कार्यों में लगातार गति आ रही है।

विज्ञप्ति में बताया गया कि जेजेएम के तहत प्रदेश में सोमवार सुबह तक की रिपोर्ट के अनुसार 1001 गांवों में सभी परिवारों को ‘हर घर जल’ कनेक्शन की सुविधा मुहैया करा दी गई है। इसके अलावा राज्य के 617 गांवों में 90 प्रतिशत से अधिक, 705 गांवों में 80 प्रतिशत से ज्यादा तथा 772 गांवों में 70 प्रतिशत से अधिक परिवारों को ‘हर घर जल’ कनेक्शन के जरिए पेयजल आपूर्ति की जा रही है। प्रदेश में वर्तमान में प्रतिदिन करीब 3 हजार नए ग्रामीण परिवारों को ‘हर घर जल’ कनेक्शन दिए जा रहे हैं। प्रदेश के जिलों में श्रीगंगानगर के सर्वाधिक 192 गांवों में सभी परिवारों को ‘हर घर जल’ कनेक्शन में कवर किया जा चुका है। नागौर के 161, राजसमंद के 92, चुरू के 81, जयपुर के 71, हनुमानगढ़ के 62, भीलवाड़ा के 40, सीकर के 39, जोधपुर के 34 एवं बीकानेर के 27 गांवों में ‘हर घर जल‘ कनेक्शन का कवरेज पूरा कर लिया गया है। अन्य जिलों के गांवों में भी सभी परिवारों को ‘हर घर जल‘ कनेक्शन के कार्यों को गति दी जा रही है।

जलदाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) सुधांश पंत ने बताया कि प्रदेश में जेजेएम के तहत राज्य स्तरीय योजना स्वीकृति समिति (एसएलएसएससी) के माध्यम से अब तक जारी प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृतियों के विरुद्ध तकनीकी स्वीकृतियां, निविदाएं और कार्यादेश जारी करने के शेष कार्यों को शीघ्रता से पूरा करने के प्रयास चल रहे हैं। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में जेजेएम के तहत अब तक 35 हजार 776 गांवों में 128 वृहद पेयजल परियोजनाओं और 9188 मल्टी एवं सिंगल विलेज परियोजनाओं सहित कुल 9316 ग्रामीण पेयजल परियोजनाओं में 86 लाख 21 हजार 450 ‘हर घर जल’ कनेक्शन की स्वीकृतियां जारी की जा चुकी है। इसके विरूद्ध अब तक 25 हजार 937 गांवों में 8673 ग्रामीण पेयजल परियोजनाओं की तकनीकी स्वीकृतियां (62 लाख 51 हजार 516 ‘हर घर जल’ कनेक्शन के लिए), 25 हजार 641 गांवों में 8148 स्कीम्स (62 लाख 3 हजार 603 ‘हर घर जल’ कनेक्शन के लिए) की निविदाएं तथा 13 हजार 20 गांवों में 5440 स्कीम्स में 32 लाख 29 हजार 482 ‘हर घर जल‘ कनेक्शन के लिए कार्यादेश जारी कर दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *