चंडीगढ़ : पंजाब विधानसभा चुनावों की घोषणा से ठीक पहले CM चरणजीत सिंह चन्नी ने सूबे के नए पुलिस महानिदेशक यानी डीजीपी के नाम पर मुहर लगा दी है। वीके भवरा 1987 बैच के IPS अफसर हैं। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने शनिवार को ही नए डीजीपी के नाम को मंजूरी दी। अब उनकी अगुवाई में ही पंजाब पुलिस विधानसभा चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगी।
पंजाब के कार्यवाहक डीजीपी बनाए गए सिद्धार्थ चट्टोपाध्याय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिरोजपुर दौरे के समय हुई सुरक्षा चूक को लेकर भी सवालों के घेरे में थे। केंद्र सरकार की टीम ने भी राज्य की पुलिस पर प्रधानमंत्री के लिए पुख्ता सुरक्षा इंतजाम न करने का आरोप लगाया था।
UPSC ने 3 अफसरों का पैनल भेजा था
संघ लोक सेवा आयोग यानी UPSC ने 4 जनवरी को पंजाब में स्थायी डीजीपी के लिए 3 अफसरों के नाम का पैनल भेजा था। सूत्रों की मानें, तो गुरुवार और शुक्रवार की रात 1 बजे तक CM चन्नी, डिप्टी CM सुखजिंदर रंधावा, मुख्य सचिव अनिरुद्ध तिवारी और गृह विभाग के ACS अनुराग वर्मा के बीच इस मामले पर लंबी चर्चा हुई। इतनी कवायद के बाद भी डीजीपी के नाम का फैसला नहीं हो पाया था। आखिरकार शनिवार दोपहर को मुख्यमंत्री चन्नी ने वीके भवरा के नाम की फाइल पर दस्तखत कर दिए।
