चंडीगढ़ : केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के मेयर चुनाव में बड़ा उलटफेर करते हुए भाजपा उम्मीदवार सरबजीत कौर ने मेयर पद पर कब्जा कर लिया है। भाजपा को इस चुनाव में 14 वोट मिले। वहीं आम आदमी पार्टी को 13 वोट मिले। आप का एक वोट खारिज कर दिया गया। इसके बाद सदन में हंगामा हो गया। भाजपा की जीत से नाराज आप पार्षद धरने पर बैठ गए हैं।
पंजाब भाजपा प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत ने चंडीगढ़ की नई मेयर सरबजीत कौर को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि आप को विरोध कर राजनीतिक सहानुभूति हासिल करने के बजाय कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए। भाजपा के पास पंजाब में सत्ता में आने की पूरी क्षमता है।
सीनियर डिप्टी मेयर भी भाजपा का
सीनियर डिप्टी मेयर के पद पर भाजपा के प्रत्याशी दिलीप शर्मा को 15 वोट मिले। आम आदमी पार्टी के किसी एक पार्षद ने भाजपा के दिलीप शर्मा को वोट दिया है। आप की प्रत्याशी प्रेमलता को 13 वोट मिले हैं।
