Headlines

आंध्र की पूरी कैबिनेट ने मुख्यमंत्री जगनमोहन को सौंपा इस्तीफा, नई कैबिनेट का गठन 11 अप्रैल को संभव

आंध्र की पूरी कैबिनेट ने मुख्यमंत्री जगनमोहन को सौंपा इस्तीफा, नई कैबिनेट का गठन 11 अप्रैल को संभव

अमरावती: आंध्र प्रदेश में 2024 विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा फेरबदल हुआ है। राज्य की पूरी कैबिनेट ने एक साथ इस्तीफा दे दिया। 24 मंत्रियों ने अपना इस्तीफा CM जगन मोहन रेड्डी को सौंपा है। जगन मोहन पूरी कैबिनेट को बदलने की तैयारी कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक नए मंत्रिमंडल में केवल एक या दो पुराने चेहरों को ही जगह दी जा सकती है।

बता दे कि, 2019 के चुनाव में भारी जीत के तुरंत बाद जगन रेड्डी ने ऐलान किया था कि वे अपने कार्यकाल के आधे समय में ही पूरी तरह से नई टीम का चुनाव करेंगे। मंत्रिमंडल में यह फेरबदल पिछले साल दिसंबर में ही होना था, लेकिन कोरोना की वजह से इसे टालना पड़ा।

9 अप्रैल को नए मंत्रिमंडल की शपथ संभव
मुख्यमंत्री जगन ने कल शाम राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन से मुलाकात की और उन्हें मंत्रिमंडल में होने वाले बदलाव की जानकारी दी। संभावना है कि वे जल्द ही राज्यपाल से मुलाकात करेंगे और नए मंत्रियों की लिस्ट सौपेंगे। सूत्रों का कहना है कि 11 अप्रैल को नई कैबिनेट का गठन किया जा सकता है।

सूत्रों के मुताबिक आज 2 घंटे चली बैठक के बाद मंत्रियों के इस्तीफे हुए हैं। मंत्रियों ने कहा कि उन्हें जिम्मेदारी सौंपते समय ही बता दिया गया था कि मंत्री पद ढाई साल के लिए ही रहेगा। अब 26 नए जिले बनने के बाद हर जिले में से एक मंत्री को कैबिनेट में जगह दी जा सकती है। हर जाति, क्षेत्र, धर्म के महिला-पुरुष को जगह दी जाएगी।

जून 2019 में जगन मोहन ने मुख्यमंत्री के तौर पर कार्यभार संभालने के दौरान ऐसा ही संतुलन कैबिनेट में बनाया था। जगन मोहन ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग, कापू और मुस्लिम समुदाय से कुल 5 डिप्टी CM चुने थे। कैबिनेट में तीन महिलाएं शामिल की गई थीं। इनमें गृह मंत्री एम सुचरिता दलित समुदाय से थीं। ऐसा ही समीकरण फिर से बनाया जा सकता है।

एक मंत्री ने कहा कि मंत्रियों को हटाए जाने का मतलब खराब प्रदर्शन नहीं है। मंत्रियों को पता है कि उनमें से ज्यादातर को नए कैबिनेट में जगह नहीं मिलेगी। उन्हें पार्टी की भूमिका दिए जाने की संभावना है। मंत्री के तौर पर उन्होंने जो तालमेल विकसित किया है, उसका इस्तेमाल जिलों के बीच कोऑर्डिनेशन के लिए जरूरी होगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *