नई दिल्ली: मानसून का दौर जारी है कई राज्यों में भारी बारिश का कहर जारी है। इस कारण मौसम विभाग ने बिहार और तेलंगाना को छोड़कर देश के सभी राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और खराब मौसम के चलते अमरनाथ यात्रा रोक दी गई है। इस बीच बीती रात उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले की धारचूला तहसील के दारमा घाटी में बादल फट गया है। वहीं, पिथौरागढ़ जिले के धारचूला में शुक्रवार को बादल फटने से पुल बह गया। यहां चल गांव में 200 लोग फंस गए हैं। रेस्क्यू करने जा रही SDRF की टीम भी फंस गई।
उधर, हिमाचल प्रदेश में कालका-सोलन हाईवे पर अचानक पहाड़ों से पत्थर गिरने शुरू हो गए। एक कार पत्थरों की चपेट में आने से बाल-बाल बचीं। जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम के चलते पहलगाम और बालटाल दोनों रूट पर अमरनाथ यात्रा रोक दी गई है। अधिकारियों ने बताया है कि मौसम ठीक होते ही यात्रा फिर से शुरू कर दी जाएगी। अब तक 80 हजार से ज्यादा लोग अमरनाथ दर्शन कर चुके हैं।
इन राज्यों में तेज बारिश होगी: मध्य प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, गुजरात, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, असम, त्रिपुरा, मेघालय, मिजोरम, मणिपुर, अरूणाचल प्रदेश, नगालैंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड, महाराष्ट्र, गोवा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु।