नई दिल्ली : पीएम मोदी के साथ होने वाली सर्वदलीय बैठक को लेकर श्रीनगर में चल रही गुपकार नेताओं की बैठक खत्म हो गई है। इस बैठक में फैसला लिया गया है कि पीएम मोदी के साथ 24 जून को होने वाली सर्वदलीय बैठक में कश्मीर के सभी नेता शामिल होंगे। नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारुक अब्दुल्ला ने कहा, ‘हम सभी सर्वदलीय बैठक में शामिल होंगे। अपनी बात प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री के सामने रखेंगे। केंद्र की ओर से मीटिंग का कोई भी एजेंडा स्पष्ट नहीं किया गया है।’
प्रधानमंत्री के साथ बैठक पर फारूक अब्दुल्ला ने कहा, “बैठक में महबूबाजी, तारीगामी साहब और हममें से जिनको भी बुलाया है, हम लोग जा रहे हैं। हम सब बात करेंगे। हमारा मकसद सभी को मालूम है। वहां पर आप हर बात पर बोल सकते हैं। उनकी तरफ से कोई एजेंडा तय नहीं हुआ है।”
“सरकार को पाकिस्तान से भी बात करनी चाहिए”
पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने कहा, ‘केंद्र सरकार को पहले हमारे कश्मीरी लोगों को जेल से आजाद करना चाहिए। इसका मतलब ये नहीं कि हम बातचीत के खिलाफ है। सरकार को पाकिस्तान से भी बात करनी चाहिए। हम वहां जाएंगे और अपनी बात रखेंगे।’ गुपकार नेताओं ने साफ-साफ कहा कि सर्वदलीय बैठक में पीएम मोदी की बात अगर कश्मीर के लोगों के हित में होगी तो मानी जाएगी, वर्ना हम सीधे-सीधे मना कर देंगे।
