जयपुर। शहर के सबसे बडे कोविड अस्पताल RUHS में ऑक्सीजन सप्लाई में आई बाधा के कारण तीन मरीजों की मौत के मामले में मानवाधिकार आयोग ने प्रसंज्ञान लिया। आयोग ने इस मामले में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सचिव तथा RUHS अधीक्षक को तीन दिवस में तथ्यात्मक रिपोर्ट पेश करने तथा भविष्य में ऐसी घटना की पुनर्रावृति न होने को सुनिश्चित करने के लिए भी कहा है।
मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष न्यायाधिपति गोपाल कृष्ण व्यास ने अधिवक्ता एसएन बोहरा की याचिका पर अवलिम्ब प्रसंज्ञान लेते हुए यह आदेश दिए।
बोहरा ने याचिका में बताया कि आरयूएचएस अस्पताल में ऑक्सीजन सप्लाई बाधित होने के समय वार्ड में 30 मरीज थे, अगर समय पर दुरुस्त नहीं किया जाता तो और भी मौतें हो सकती थीं। साथ ही यह भी उल्लेख किया कि उस समय कोई जिम्मेदार उच्च अधिकारी अस्पताल में नहीं था, जिसके कारण यह घटना घटी। उन्होंने मांग की कि इस घटना की जांच करवाकर अस्पताल के विरूद्ध कार्यवाही की जाए और भविष्य में ऐसी घटना न घटे, उसके लिए आदेश दिए जाए।
