जोधपुर: कोरोना संक्रमण (Corona Infection) से मुक्त हुए आसाराम (आसूमल) का ऑक्सीजन लेवल (Oxygen Level) रविवार को एक बार फिर घट गया। जेल से उन्हें एक बार फिर AIIMS ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन आसाराम ने वहां इलाज कराने को जाने से मना कर दिया।
कोरोना मुक्त होने के बाद दो दिन पूर्व आसाराम को AIIMS से डिस्चार्ज कर दिया गया था। जोधपुर जेल में आज सुबह उसकी तबीयत बिगड़ना शुरू हो गई। उसका ऑक्सीजन लेवल घट कर 92 तक आ पहुंचा। इसके बाद जेल में ही उसे ऑक्सीजन पर रखा गया। जेल अधिकारी उसे AIIMS वापस ले जाने के इच्छुक थे। लेकिन आसाराम अड़ गया कि उसे सिर्फ आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति से ही इलाज करवाना है। इसके बाद जेल प्रशासन ने करवड़ स्थित आयुर्वेद यूनिवर्सिटी के डॉ. अरुण त्यागी को बुलाया गया। उनकी जांच करने के बाद फिलहाल उसकी तबीयत स्थिर बनी हुई है।
नाबालिग छात्रा के यौन उत्पीड़न मामले में आजीवन कारावास की सजा भुगत रहे आसाराम की जेल से बाहर आने की उम्मीदों को जोरदार झटका लगा था। कोरोना संक्रमित होने के बाद आसाराम की तरफ से राजस्थान हाईकोर्ट में दो महीनेे की अंतरिम जमानत देने का गुहार लगाई थी। हाईकोर्ट (High COurt) ने जोधपुर AIIMS से गठित मेडिकल बोर्ड गठित करके रिपोर्ट देेने को कहा था। इस बोर्ड ने दो दिन पहले ही आसाराम की तबीयत को एकदम सही करार दिया था। इस रिपोर्ट के आधार पर राजस्थान हाईकोर्ट ने उसकी अंतरिम जमानत की याचिका को खारिज कर दिया।
