दौसा: कोरोना की दूसरी लहर का कहर अभी थमा भी नहीं था कि तीसरी लहर की ‘दस्तक’ ने होश उड़ा दिए। मामला राजस्थान के दौसा का है, जहां कोरोना की तीसरी लहर की दस्तक के संकेत मिलते दिखाई दे रहे हैं। दौसा में 341 बच्चे कोरोना की चपेट में आ गए हैं, यानी कि 341 बच्चों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। तीसरी लहर की संभावना को देखते हुए दौसा जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। हालांकि दौसा सीएमएचओ का कहना है कि इस लहर में सामान्य कोरोना मरीजों में से ही बच्चे शामिल है।
बता दें कि दौसा में तीसरी लहर के आने के संकेत मिले हैं। यहां 341 बच्चों को कोरोना हुआ है। इन बच्चों की उम्र 0 से 18 वर्ष की है। दौसा में 1 मई से 21 मई के बीच 341 बच्चे कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। डूंगरपुर में भी 30 बच्चे कोरोना संक्रमित पाए गए है जिनमे एक की हालत गंभीर हैं।
तीसरी लहर आने से पहले ही बच्चों में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। महाराष्ट्र, कर्नाटक जैसे राज्यों में बच्चों में संक्रमण तेजी से फैल रहा है।
