International Day of Families 2021: हर साल 15 मई को परिवार की अहमियत बताने के मकसद से अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस मनाया जाता है। आज की भाग दौड़ भरी जिंदगी (Life) में परिवार (Family) की अहमियत और भी बढ़ जाती है। समाज की परिकल्पना परिवार के बिना अधूरी है। ऐसे में परिवार ही हैं जो लोगों को एक दूसरे से जोड़े रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। परिवार हमारे रिश्तों को न सिर्फ मजबूती देता है, बल्कि हर गम और खुशी के मौके पर हमारे साथ खड़ा भी होता है, यही वजह है कि हमारे जीवन में परिवार का बहुत महत्व है। आज के इस आधुनिक जीवन में भी परिवार की अहमियत कम नहीं हुई है।
आज की भाग दौड़ भरी जिंदगी में परिवार की भूमिका और भी ज्यादा बढ़ गई है, खासकर कोरोना काल में। कोरोना वायरस महामारी ने अचानक लोगों के जीवन की दिनचर्या पर ठहराव लगा दिया है। लॉकडाउन ने लोगों को अकेले रहने के लिए मजबूर किया। स्कूल बंद कर दिए गए हैं और कार्यालय बंद हैं। ऐसे में परिवार का महत्व इस कोरोना काल में उभकर सामने आया है।
इस साल की थीम
अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस 2021 का थीम है- ”परिवार और नई तकनीक”। यूएन ने बताया है कि दुनियाभर में लंबे वक्त से कोविड-19 महामारी का प्रकोप जारी है। ऐसे में दुनिया की लगभग आधी आबादी घरों में कैद है। इस मुश्किल वक्त में परिवार और नई तकनीक ही लोगों का सहारा बने हैं। लंबे समय तक कोविड-19 महामारी ने काम, शिक्षा और संचार के लिए डिजिटल प्रौद्योगिकियों और परिवार के महत्व को समझाया है। कोरोना काल में अकेलेपन से जूझ रहे, लोगों ने जहां परिवार और परिजनों की अहमित को समझा है तो वहीं लॉकडाउन और सोशल डिस्टेंसिंग ने लोगों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के महत्व को भी सिखाया है।
अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस का इतिहास
परिवार के महत्व को बनाए रखने के लिए 1993 में संयुक्त राष्ट्र जनरल एसेंबली ने हर साल अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस मनाने की घोषणा की थी। तब से इसे हर साल 15 मई को मनाने की घोषणा की गई थी। इस दिवस को दुनिया भर के लोगों को उनके परिवारों से जोड़े रखने और परिवार से जुड़ी मुद्दों पर समाज में जागरूकता फैलाने को लेकर अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस मनाया जाता है। परिवार न टूटें और एकजुट रहें इसलिए अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस मनाया जाता है. परिवार हमें भावनात्मक तौर पर सहारा देते हैं और हमें अकेलेपन से बचाते हैं। अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस का अहम उद्देश्य यही है कि युवा परिवार के महत्व को पहचानें और अपने परिवारों से दूर न हों।
