जोधपुर: जोधपुर-जैसलमेर सड़क मार्ग पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में मां-बेटे और बेटी तीनों की मौत हो गई। कार सवार सभी जैसलमेर से जोधपुर आ रहे थे। आमने-सामने हुई टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों के शव अंदर फंसे रहे। जब तीनों के शव निकाले गए तो मौत हो चुकी थी।
घटना देचू थाना क्षेत्र के मंडला गांव की है। मृतक में बैंक ऑफ बड़ौदा के रीजनल मैनेजर केसी शर्मा और उनका परिवार था। केसी शर्मा के छोटे भाई की सास का निधन हो गया था। केसी शर्मा, उनकी मां लीला देवी और बहन गीता तीनों शोक सभा में बैठने गए थे। जैसलमेर से देर रात तीनों जोधपुर की ओर से रवाना हुए थे। सुबह करीब साढ़े पांच बजे देचू से 10 किलोमीटर दूर मंडला के पास सामने से आ रही बोलेरो कैंपर से उनकी कार टकरा गई। स्पीड में दोनों गाड़ियों की आमने-सामने भिड़ंत होने से तीनों कार में ही फंस गए। इस पर उनके साथ दूसरी कार में आ रहे परिवार के सदस्यों ने स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकालना शुरू किया। इस हादसे में केसी शर्मा(59), मां लीला देवी(80) और बड़ी बहन गीता(63) की मौके पर ही मौत हो गई।
छोटे भाई के ससुराल गया था परिवार
केसी शर्मा जोधपुर जिले के बिराई के रहने वाले हैं। उनकी पोस्टिंग जोधपुर में ही थी और अप्रैल महीने में रिटायर होने वाले थे। पूरा परिवार दो कार में जैसलमेर छोटे भाई के ससुराल गया था। जैसलमेर से रवाना होने के दौरान केसी शर्मा की कार आगे थी। जबकि दूसरी कार पीछे चल रही थी।
