जमशेदपुर: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम में स्थित टाटा स्टील कोक प्लांट के अंदर जोरदार विस्फोट हुआ है। धमाके के बाद गैस रिसाव और आग लगने की घटना से अफरातफरी फैल गई। शनिवार की सुबह करीब 10.20 बजे जोरदार ब्लास्ट हुआ, जिससे प्लांट में आग लग गई। हादसा आईएमएमएम कोक प्लांट के बैटरी नंबर 6 और 7 में हुआ है। इस हादसे में प्लांट के अंदर काम कर रहे तीन कर्मियों के घायल होने की सूचना है।
बैटरी नंबर पांच, छह, सात के गैस लाइन में वेल्डिंग का काम हो रहा था, तभी गैस लाइन से रिसाव होने लगा, जिसके बाद उसमें विस्फोट हो गया। जानकारी के मुताबिक विस्फोट इतना भयानक था कि दूर-दूर तक आवाज सुनी गई। इस हादसे के बाद से इलाके में दहशत है। घायल कर्मचारियों को हल्की चोटें आई हैं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। उसका इलाज टाटा मुख्य अस्पताल में चल रहा है।
हादसे के बाद तुरंत मौके पर एंबुलेंस और दमकल की गाड़ियां पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर आग पर काबू पाया गया। हादसे की जानकारी मिलते ही कंपनी के आला अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। ब्लास्ट इतना जोरदार था कि आरएमएम, सिंटर प्लांट वन और टू में भगदड़ मच गई। सारे कर्मचारियों को आपात हालात में बाहर निकाला गया। इसके बाद कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। आसपास के परिसर को खाली करा दिया गया।
कंपनी प्रबंधन ने कहा कि कोक प्लांट की बैटरी में विस्फोट हुआ था। फायर टेंडर तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। 2 संविदा कर्मचारियों को मामूली चोटें आईं हैं और एक कर्मचारी ने सीने में दर्द की शिकायत की है, उनकी हालत स्थिर है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
वहीं झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घटना को लेकर कहा कि जमशेदपुर में टाटा स्टील प्लांट में ब्लास्ट होने की खबर मिली है। जिला प्रशासन, टाटा स्टील प्रबंधन के साथ सामंजस्य बनाकर घायलों के त्वरित इलाज हेतु कार्रवाई कर रहा है।