US में दिल दहलाने वाला हादसा: क्रिसमस परेड में शामिल लोगों को बेकाबू SUV कार ने कुचला

US में दिल दहलाने वाला हादसा: क्रिसमस परेड में शामिल लोगों को बेकाबू SUV कार ने कुचला

वुकेशा : अमेरिका में विस्कॉन्सिन के वुकेशा शहर में रविवार को SUV कार ने क्रिसमस परेड में शामिल लोगोंको रौंदती चली गई। इस हादसे में कुछ लोगों की मौत होने की खबर है। साथ ही 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घायलों में बच्चे भी शामिल हैं, जो अपने परिवार वालों के साथ परेड का हिस्सा बनने आए थे। घायलों को पुलिस ने हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया है। इनमें कुछ को गंभीर चोटें आई हैं।

वुकेशा के पुलिस चीफ डेनियल थॉम्पसन ने मीडिया को बताया कि SUV कार को बरामद कर लिया गया है, लेकिन इसका ड्राइवर फरार है। संदिग्ध की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर हालात अब सामान्य हैं। इस घटना को किस मकसद से अंजाम दिया गया, इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है। मामले की जांच की जा रही है।

US में दिल दहलाने वाला हादसा: क्रिसमस परेड में शामिल लोगों को बेकाबू SUV कार ने कुचला

शहर के मेयर शॉन रेली ने इसे वुकेशा के लिए दर्दनाक घटना बताया है। वहीं, घटनास्थल पर मौजूद स्कॉट ग्रेगर नाम के व्यक्ति ने मीडिया से बातचीत में अपनी आंखों देखी साझा की। उन्होंने कहा कि SUV तेज रफ्तार से परेड के बीच घुसी। गाड़ी से टक्कर लगने पर लोग इधर-उधर गिरने लगे। लोगों को समझ ही नहीं आया कि अचानक क्या हो रहा है। मौके पर अफरातफरी मच गई।

ग्रेगर ने बताया कि घटना के समय मार्च में बड़ी संख्या में लोग शामिल थे। दर्शकों की तादाद भी ज्यादा थी। हालात को सामान्य होने में काफी समय लगा। 58वीं एनुअल क्रिसमस परेड दोपहर 2 बजे शुरू हुई, जिसे शाम 6 बजे समाप्त होना था। पिछले साल कोरोना वायरस महामारी के चलते परेड नहीं निकाली गई थी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *