Headlines

Kabul Airport Serial Blast : काबुल एयरपोर्ट के बाहर दो बम धमाके, 13 की मौत, हमले में आईएसआईएस का हाथ

काबुल: अफगानिस्तान के काबुल एयरपोर्ट के बाहर दो आत्मघाती हमले हुए हैं। इसकी पुष्टि पेंटागन के प्रवक्ता ने की। विदेशी मीडिया के मुताबिक, दोनों हमलों में 13 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 38 लोग घायल हो गए। इसके अलावा पांच अमेरिकी सैनिकों समेत 38 लोगों के घायल होने की भी खबर है। इनमें एक सैनिक की हालत गंभीर है। ब्लास्ट के पीछे आतंकी संगठन आईएसआईएस का हाथ होने की बात सामने आई है। बता दें कि अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और ब्रिटेन ने काबुल एयरपोर्ट पर आतंकी हमले की आशंका जाहिर की थी। साथ ही, अपने नागरिकों को काबुल एयरपोर्ट से दूर रहने की चेतावनी दी थी। काबुल एयरपोर्ट और उसके आस-पास के इलाकों में धमाके की वजह से अफरा-तफरी का माहौल है। अभी मौतों की संख्या और बढ़ सकती है।

अमेरिका रक्षा विभाग के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने कहा, हम ये कंफर्म कर सकते हैं कि आबे गेट पर धमाका हुआ है। इसकी वजह से अमेरिकी और अन्य नागरिक हताहत हुए हैं। हम यह भी कंफर्म कर सकते हैं कि एक और धमाका बेरन होटल के नजदीक हुआ है। आबे गेट और बेरन होटल के बीच की दूरी कम है। हम अपडेट देना जारी रखेंगे।”

तालिबान ने भी आतंकी हमला बताया
तालिबान ने अब तक 15 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है। इसमें महिलाएं और मासूम बच्चे भी शामिल हैं। 52 लोगों के घायल होने की जानकारी दी है। तालिबान ने इसे आतंकी हमला बताया है। एयरपोर्ट पर एक शख्स ने बताया कि उसकी गोद में ही उसके बच्चे की मौत हो गई।

सभी विमानों को नाटो की सेना ने सुरक्षा घेरे में ले लिया
ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने दोनों धमाकों की पुष्टि की है। सुरक्षा के लिए काबुल एयरपोर्ट से सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। सभी विमानों को नाटो की सेना ने सुरक्षा घेरे में ले लिया है। इससे पहले अमेरिकी रक्षा मंत्रालय ने भी काबुल एयरपोर्ट के गेट के बाहर हुए ब्लास्ट की पुष्टि की।

एयरपोर्ट से लगा नाला लाशों और घायलों से पटा
मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि एयरपोर्ट से लगे नाले में लाशों और घायलों का ढेर लगा हुआ है। यहां पानी में शव पड़े हुए हैं। लोग अपनों को ढूंढ़ रहे हैं।

एयरपोर्ट पर लगातार हो रही है फायरिंग
CNN के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन को हमले की जानकारी दे दी गई है। एयरपोर्ट पर लगातार फायरिंग की भी सूचना मिल रही है। एक अधिकारी ने कहा कि इस घटना में कई अफगानी मारे गए हैं। कई घायल भी हैं। पेंटागन ने भी फिदायीन हमले की पुष्टि की है।

फ्रांस के राजदूत अफगानिस्तान छोड़ेंगे
न्यूज एजेंसी AFP ने फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के हवाले से कहा है कि फ्रांस के राजदूत अफगानिस्तान छोड़ेंगे। वे पेरिस से काम करेंगे। फ्रांस काबुल से सैकड़ों अफगानों को निकालने की कोशिश करेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *