Headlines

चित्तौड़गढ़ पुलिस चौकी पहुंचा युवक और बोला-मर्डर करके आया हूं, पुलिस को पहले लगा साइको है फिर जंगल में पड़ताल की तो मिली युवक की लाश

चित्तौड़गढ़: चित्तौड़ में 22 साल का एक युवक पुलिस चौकी पहुंचा और पुलिस से कहा कि वह खून करके आया है। एक बार तो पुलिस को लगा कि युवक साइको है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उसकी बताई हुई जगह पहुंची। वहां एक युवक का शव पड़ा था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शव मोर्चरी में रखवाकर परिवार को सूचना दी। हत्या के कारणों की जांच की जा रही है।

आरोपी की निशानदेही पर जंगल में मिला शव
चंदेरिया थाना अधिकारी कैलाश चंद्र ने बताया कि शनिवार दोपहर अजोलिया गांव का रहने वाला उदय लाल ( 22) चौकी पर गया था। कांस्टेबल वीरेंद्र को कहा कि,वह खून करके आया है। कांस्टेबल ने थाने में सूचना दी। युवक ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह गांव के ही शौकीन (19) की हत्या करके आया है। उसके बताने पर पुलिस टीम जंगल में गई। वहां युवक का शव पड़ा मिला। मामला गंगरार थाना क्षेत्र का होने पर वहां की पुलिस को जानकारी दी गई। गंगरार पुलिस ने शव को कब्जे में लिया।

रस्सी से गला घोंटकर हत्या की
गंगरार थानाधिकारी रतन सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया कि शौकीन जंगल शौच करने गया था। वहां आराेपी उदय लाल पहले से मौजूद था। दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। आरोपी ने अपने टोपे से रस्सी निकालकर शौकीन का गला घोंट दिया। FSL टीम और डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाकर जांच की गई। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहना खानम और मृतक के परिवार वाले पहुंचे। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। मामले में परिवार के भी बयान लिए जाएंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *