Headlines

चित्तौड़गढ़ के मंदिर में 35 फीट की उंचाई से गिरे 5 मजदूर, 2 की मौत

चित्तौड़गढ़

चित्तौड़गढ : जिले में 81 फीट ऊंचे भव्य शिव मंदिर का निर्माण किया जा रहा है। जिले के मातृकुंडिया में निर्माणधीन इस मंदिर में रविवार सुबह हुए दर्दनाक हादसे में 2 मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार सुबह निर्माणस्थल पर 35 फीट की ऊंचाई पर 5 मजदूर काम कर रहे थे। अचानक लकड़ी की सीढ़ियां टूट गई और सभी मजदूर नीचे आ गिरे। इस हादसे में गंभीर घायल मजदूरों को चित्तौड़गढ़ अस्पताल रेफर किया गया। जहां 2 घायलों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य 3 का इलाज किया जा रहा है।

राशमी थानाधिकारी शिव सिंह मीणा ने बताया कि मातृकुंडिया में साल 2001 से जाट समाज एक शिव मंदिर बनवा रहा है, जिसके काम के लिए पाली जिले से कुछ मजदूर बुलाए गए हैं। रविवार सुबह जब मंदिर निर्माण का कार्य शुरू हुआ तो लकड़ी की बनी सीढ़ियों पर चढ़कर तीसरी मंजिल पर मजदूर काम कर रहे थे। इस दौरान एकदम से सीढ़ियां टूट गई और नीचे गिरने से सिर पर भारी चोट लगने के कारण पाली के भीमाना निवासी राजू (20) पुत्र चुन्नीलाल गरासिया और कालू (23) पुत्र नौपाराम गरासिया की मौके पर ही मौत हो गई।

चित्तौड़गढ़

घाट की सीढ़ियों पर आ गिरे मजदूर

पुलिस के अनुसार मजदूर 15 दिल पहले पाली से लौटे थे। ये 5 मजदूर सबसे पहले काम पर पहुंचे थे। काम के दौरान बांस का एक टुकड़ा टूट गया जिससे पूरा ढांचा गिर गया और पांचों मजदूर गिर गए। इनमें से तीन मजदूर मंदिर परिसर की तरफ गिरे तो दो मजदूर वहां बने घाट की सीढ़ियों पर गिरे जिससे सिर फटने से उनकी मौके पर मौत हो गई। भीमाना निवासी गजाराम (25), भीमाराम (25) व उदयपुर निवासी जीवाराम (25) गंभीर घायल हो गए। हादसा देखते ही बाकी के मजदूर और आसपास के लोग एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचना दी। मौके पर थाना अधिकारी शिवलाल मीणा और जाब्ता पहुंचे। उन्होंने घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत खराब होने के कारण उन्हें चित्तौड़गढ़ रेफर कर दिया गया। पुलिस निर्माण कार्य के ठेकेदार शांतिलाल से भी पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *