Amul: अमूल दूध दो रुपये प्रति लीटर हुआ महंगा

जयपुर: कोरोना काल में महंगाई से जनता परेशान है। खाने-पीने के सामान से लेकर पेट्रोल-डीजल तक महंगा हो गया है, जिसका सीधा असर जनता की जेब पर पड़ा है। अब अमूल ने भी ग्राहकों को झटका दिया है। अमूल ने दूध के दाम बढ़ा दिए हैं। गुजरात सहकारी दूध विपणन संघ (जीसीएमएमएफ) ने बुधवार को कहा कि अमूल (Amul) दूध की कीमतों में कल से सभी ब्रांडों के लिए दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की जाएगी।

अमूल(Amul) ब्रांड नाम के तहत दूध और डेयरी उत्पादों का विपणन करने वाले जीसीएमएमएफ के प्रबंध निदेशक आर एस सोढ़ी ने कहा कि लगभग एक साल और सात महीने के बाद कीमतों में बढ़ोतरी की जा रही है, जो उत्पादन लागत में वृद्धि के कारण जरूरी हो गई थी। इसी के साथ अब अमूल गोल्ड 58 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से मिलेगा।

इसलिए बढ़ी कीमत

उन्होंने कहा, अमूल (Amul) दूध की कीमतों में कल से पूरे भारत में दो रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की जाएगी। नई कीमतें सभी अमूल दूध ब्रांडों जैसे सोना, ताजा, शक्ति, टी-स्पेशल, साथ ही गाय और भैंस के दूध पर भी लागू होंगी। सोढ़ी ने कहा कि खाद्य महंगाई बढ़ने के कारण दूध की कीमतों में बढ़ोतरी जरूरी हो गई थी। इसके अलावा पैकेजिंग की लागत में 30 से 40 फीसदी, परिवहन लागत में 30 फीसदी और ऊर्जा लागत में 30 फीसदी की वृद्धि हुई है, जिसके चलते उत्पादन लागत बढ़ गई है।

इन पर पड़ेगा असर

दूध के दामों में इजाफा होने से घी, पनीर, मक्खन, चीज, लस्सी और छाछ के अलावा मिठाई, चॉकलेट आदि की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो सकती है। दूध के दाम बढ़ने का असर आम आदमी की रसोई पर देखने को मिलेगा, क्योंकि इसकी खपत प्रत्येक परिवार में रोजाना होती है।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *