Headlines

झारखंड-बिहार के बीच हादसा : स्टाफ के साथ नदी में गिरे स्टोन से भरे 5 ट्रक, 10 लोग लापता

साहिबगंज : झारखंड के साहिबगंज और बिहार के कटिहार जिले के मनिहारी घाट के बीच गंगा नदी में एक मालवाहक जहाज अनियंत्रित हो गया। जहाज पर करीब 14 ट्रकों में स्टोन (पत्थर) लोड था। इसके साथ ही सभी ट्रकों के ड्राइवर और हेल्पर भी इस जहाज में सवार थे। हादसे में जहाज के कैप्टन दल के सदस्यों और ट्रकों के ड्राइवर-खलासी सहित 10 लोगों के डूबने की आशंका है। अब तक सभी लोग लापता बताए जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद साहिबगंज प्रशासन राहत और बचाव के काम जुटा है। जहाज साहिबगंज से मनिहारी की तरफ जा रहा था।

जहाज में सवार कैप्टन अमर चौधरी ने बताया कि जहाज पर कुल 14 ट्रक लोड थे। एक ट्रक का टायर फट गया। इस कारण वह अनियंत्रित होकर नदी के बीच धार में गिर गया इसके साथ ही 4 और ट्रक गिर गए। बाकी बचे ट्रकों को लेकर जहाज किनारे पर पहुंचा। 9 ट्रक जहाज पर पलट गए हैं, जबकि 5 ट्रक गंगा के बीच धार में डूबे हुए हैं। 10 लोग लापता है। डूबे हुए ट्रकों को खोजने के लिए NDRF की टीम को बुलाया गया है। टीम के पहुंचने के बाद ही डूबे हुए ट्रकों और लोगों को खोजने की प्रक्रिया शुरू होगी।

झारखंड

नदी के अंदर जहाज में आई थी खराबी

उपायुक्त रामनिवास यादव ने बताया कि कल दोपहर ये जहाज रवाना हुआ था। नदी के अंदर कुछ दूर जाने पर इसमें खराबी आई। जहाज में मौजूद लोगों ने इसे ठीक किया। इसके बाद बैलेंस बिगड़ने से 5 ट्रक नदी में गिर गए। लापता लोगों की संख्या अभी स्पष्ट नहीं है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। जहाज के साथ हादसे की भी जांच करवाई जाएगी। ताकि भविष्य में इस तरह का हादसा ना हो। हादसा समदा घाट से मनिहारी के बीच हुआ है। बताया जा रहा है कि जहाज में खराबी की वजह से यह देरी से रवाना हुआ। देर रात तक यह अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सका था। रात 12:00 बजे के करीब ये हादसा हुआ है।

झारखंड

रात में हुआ हादसा

झारखंड के साहिबगंज से बिहार के कटिहार की तरफ मालवाहक जहाजों से स्टोन चिप्स (पत्थर) भेजा जाता है। गुरुवार की रात साहिबगंज घाट से करीब डेढ़ दर्जन लोड ट्रकों के साथ जहाज बिहार की तरफ रवाना हुआ। बीच नदी में अनियंत्रित हो गया। जहाज के कुछ स्टाफ सुरक्षित हैं जो जहाज को किनारे पर लेकर आया है, लेकिन 10 लोगों का अब भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। हादसे की सूचना मिलने के बाद बचाव एवं राहत के लिए साहिबगंज प्रशासन सक्रिय है। NDRF से मदद मांगी गई है। देवघर से NDRF की एक टीम साहिबगंज चल चुकी है। साहिबगंज थाना प्रभारी ने हादसे की पुष्टि की है। प्रशासन की तरफ से घाट पर पुलिस चौकी बनाई गई है। यह आने-जाने वाले मालवाहक जहाजों की निगरानी करते हैं। जांच के लिए अलग से कोई व्यवस्था नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *