चित्तौडग़ढ़ : भदेसर थाना क्षेत्र में शनिवार रात 10 बजे टैंकर और कंटेनर में भिड़ंत के बाद लगी आग में दो ड्राइवर जिंदा जल गए। वाहनों में लगी आग को बुझाने में फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को तीन घंटे से ज्यादा का समय लगा। नेशनल हाईवे-76 पर पर हुई दुर्घटना के कारण सैकड़ों वाहन करीब तीन किलोमीटर लंबे जाम में कई घंटे तक फंसे रहे।
यहां से निकलने वाले नेशनल हाईवे पर चित्तौड़गढ़ से उदयपुर की ओर से जा रहा कंटेनर डिवाइडर तोड़ दूसरी ओर से निकल रहे खाली टैंकर से जा भिड़ा। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई। आग की लपटें चारों तरफ फैलने लगी और देखते ही देखते टैंकर और कंटेनर जलकर राख हो गए।
वाहनों को साइड करते समय दिखीं लाशें
रात को आग बुझाने के बाद वाहनों को साइड करने के लिए हाइड्रो मंगवाए गए। जिनकी सहायता से दो गाड़ियों को साइड किया गया। इस दौरान पुलिस को दो लाशें दिखीं जो बुरी तरह जल गई थी। पुलिस ने बताया कि कंटेनर महाराष्ट्र नंबर का है, वहीं टैंकर पर गुजरात का नंबर है। दोनों शवों को बाहर निकालकर भदेसर हॉस्पिटल में रखवाया गया।
DYSP शिप्रा राजावत ने बताया कि मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। घटनास्थल पर आसपास के क्षेत्रों से 7 फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को बुलाया गया। फायर ब्रिगेड जैसे ही आग बुझाने का प्रयास कर रही थी, उसी दौरान आग कम होकर अचानक से वापस बढ़ने लग जाती थी। इसकी वजह से 2 से 3 घंटे तक फायर ब्रिगेड को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। राजावत का कहना है कि टैंकर पूरी तरह से खाली था, नहीं तो हादसा और भी विकराल हो सकता था।
