Headlines

गोविंद देव जी मंदिर में हुआ पुष्प फ़ाग

जयपुर। आराध्य देव गोविंद देवजी मंदिर में छाया रंगों के पर्व होली का उल्लास मंगलवार को भक्तों के सिर चढ़कर बोला। मंदिर का चप्पा-चप्पा होली के उत्साह और उमंग से सराबोर नजर आया। सत्संग भवन में आयोजित पुष्प फाग हो या मंदिर के गर्भगृह में सजी रचना झांकी। हर ओर श्रद्धालु होली के रंग में रंगे नजर आए।

कोलकाता से आए बाल व्यास श्रीकांत शर्मा ने लगातार दूसरे दिनराधा-कृष्ण की लीला से जुड़े पदों का गायन कर वृंदावन का सा माहौल बना दिया। वहीं शेखावाटी के आधा दर्जन कलाकारों ने ढप और चंग की थाप पर ऐसी धमाल गाई कि उपस्थित श्रद्धालु अपने स्थान से खड़े होकर नाचने लगे। युवतियों और बच्चियों ने कृष्ण, राधा और गोपी के स्वरूप बनकर स्थापित कलाकारों की तरह नृत्य की मनोरम प्रस्तुतियां देकर सभी का दिल जीत लिया।

गोविंद देव जी मंदिर में हुआ पुष्प फ़ाग

व्यासपीठ से बालव्यास श्रीकांत शर्मा ने तेरी बंशी पर जाऊ बलिहार रसिया…, होली खेलूंगी श्याम संग आज…गोविंद माखणियो राधा जी ने रिझावणियो…, मुरली मनोहरा मनमोहना…, कान्हा काहे भिगोई चुनरिया मोरी…, छापा तिलक सब छोड़ा तो से नैनां मिला के…, चलो चलो जरा वृंदावन देखो श्याम रंग उड़ाते मिलेंगे… जैसे मधुर भजनों की स्वर लहरियां बिखेरी। राधा-कृष्ण और गोपी के स्वरुपों ने भजन के भावों के अनुरूप नृत्य किया। राधा-कृष्ण के होली खेलने के भजनों पर टोकरी भर भर कर पुष्प वर्षा की गई। युवतियों और बच्चियों का श्रृंगार, केश विन्यास और कायिक, वाचिक, आंगिक अभिनय किसी दक्ष कलाकारों से भी कहीं ज्यादा प्रभावी रहा। बाल व्यास श्रीकांत शर्मा की अंतिम प्रस्तुतियां धमाल के नाम पर रही। राधा और कृष्ण के स्वरूपों ने ढप पर खड़े होकर नृत्य किया तो उपस्थित श्रद्धालु खड़े होकर मनोरम दृश्य को निहारने लगे। शेखावाटी के कलाकारों ने इस नृत्य में भरपूर साथ दिया। उधर, मंदिर में मंगलवार को सजी रचना झांकी में राधा-कृष्ण की युगल झांकी के दर्शन कराए गए।

संत-महंत-मंत्री भी पहुंचे
शुक संप्रदाय पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण, महामंडलेश्वर पुरूषोत्तम भारती, स्वामी सुदर्शनाचार्य, प्रवीण बड़े भैया, शिक्षा मंत्री बी डी कल्ला, महिला एवं बाल विकास मंत्री ममता भूपेश, सांसद रामचरण बोहरा, विधायक अमीन कागजी, समाज कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष अर्चना शर्मा, पूर्व महापौर ज्योति खंडेलवाल, पूर्व विधायक सुरेन्द्र पारीक सहित अनेक विशिष्टजन फाग में शामिल हुए। मंदिर महंत अंजन कुमार गोस्वामी और प्रबंधक मानस गोस्वामी ने फाल्गुनी पगड़ी और दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। बुधवार को होली पद भजनामृत वर्षा अनुष्ठान में दोहपर एक से अपराह्न साढ़े चार बजे तक कोलकाता के पं. मालीराम शर्मा भजनों की प्रस्तुतियां देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *