Headlines

PM मोदी पर तंज कसते हुए राज्यपाल मलिक बोले- डेढ़ कमरे में रहता हूं, इसलिए मोदी से पंगा लिया

PM मोदी पर तंज कसते हुए राज्यपाल मलिक बोले- डेढ़ कमरे में रहता हूं, इसलिए मोदी से पंगा लिया

जोधपुर: मेघालय के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने जोधपुर में हुए एक कार्यक्रम में PM नरेंद्र मोदी पर अपने ही अंदाज में हमला बोला है। उन्होंने कहा- मैं दिल्ली में डेढ़ कमरे के मकान में रहता हूं। इसलिए किसानों के सवालों पर मोदी से पंगा लिया। किसान आंदोलन खत्म नहीं हुआ है। जब तक सभी मांगें मान नहीं ली जातीं, आंदोलन वापस नहीं हो सकता। मैंने प्रधानमंत्री से कहा कि सिख व जाट चेहरा नहीं भूलते हैं। आंदोलन खत्म करने से पहले उन्हें कुछ देकर भेजें। उन्होंने इंदिरा का चेहरा भी याद रखा था। केंद्र की सरकार से मुझे बैर नहीं है, लेकिन किसानों के लिए पद तक छोड़ने को तैयार हूं। राजस्थान में महाराणा प्रताप याद आते होंगे, लेकिन मुझे जाट नेता याद आते हैं।

मारवाड़ जाट महासभा संस्थान की ओर से शुक्रवार को जोधपुर के SN मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में समाज सेवा सम्मान एवं पुस्तक विमोचन कार्यक्रम हुआ। मलिक बतौर अतिथि शामिल हुए। उन्होंने एक बार फिर इस कार्यक्रम में किसान आंदोलन का जिक्र किया। कहा- किसानों को अब और दबाकर नहीं रखा जा सकता। वह अपना हक लेकर रहेंगे। बातचीत से नहीं देंगे तो लड़ाई लड़ेंगे। लड़ाई से नहीं मिलेगा तो हिंसा से लेंगे। मेरी दिल्ली वालों को यह सलाह है कि इनसे पंगा मत लो। यह बहुत ही भयानक लोग हैं।

मलिक ने कहा- सच बोलता हूं। हमेशा यह दिमाग में रहता है कि किसी भी भाषण के बाद केंद्र से कॉल आ सकता है। हो सकता है, यहां का भाषण खत्म करने के बाद मुझे फोन आ जाए कि पद छोड़ो। हमारी बेइज्जती करवा रहे हो। मैं वह भी छोड़ने को तैयार हूं। समाज के लोगों से कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद जाटों के लिए ही काम करना चाहता हूं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *