जयपुर। करौली विधायक लाखन मीना ने शुक्रवार को शासन सचिवालय में डांग विकास बोर्ड के अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। समारोह के दौरान ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री रमेश चन्द मीना, देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष एवं विधायक जोगिन्दर सिंह अवाना, विधायक वाजिब अली, विधायक संदीप यादव विधायक गोपाल मीना, विधायक राजकुमार शर्मा, विधायक रामकेश मीना सहित क्षेत्र के समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री ने कहा कि डांग क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं में आ रही समस्याओं को जल्दी निस्तारित करने के लिए हर संभव प्रयास किये जाएंगे। डांग विकास बोर्ड के तहत आने वाले 13 जिलों में ज्यादा-ज्यादा विकास के कार्य करवाये जाएंगे। उन्होंने कहा कि डांग विकास बोर्ड के अध्यक्ष खुद डांग क्षेत्र से आते हैं, इसलिए वहां की समस्याओं को बेहतर तरीके से समझते हैं। उन्होंने कहा कि विभागीय मंत्री होने के नाते डांग क्षेत्र के विकास में पूरा सहयोग रहेंगा, इसलिए दोनों मिलकर डांग क्षेत्र में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
डांग विकास बोर्ड के अध्यक्ष लाखन मीणा ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मुझे जो जिम्मेदारी दी हैं उस पर शत-प्रतिशत खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगा। उन्होंने कहा कि डांग क्षेत्र के विकास के लिए सभी संबंधित विधायकों से समन्वय कर विकास कार्यों को गति दी जाएगी। डांग क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को जानकार उनका निस्तारण करवाने के लिए समुचित कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि डांग क्षेत्र में आने वाले जिलों में मूलभूत सुविधाओं का विकास करना सर्वोच्च प्राथमिकता में रहेगा।
इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज प्रमुख शासन सचिव अपर्णा अरोरा, एवं पंचायती राज विभाग के शासन सचिव पी. सी. किशन ने बोर्ड अध्यक्ष का स्वागत कर बधाई दी
