जयपुर : कांग्रेस विधायक बिधूड़ी के एसएचओ को गालियां देने के वायरल ऑडियो के मामले में राजस्थान विधानसभा में शून्यकाल के दौरान जमकर हंगामा हुआ। बीजेपी विधायकों ने बिधूड़ी के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। बीजेपी विधायक अर्जुन जीनगर ने सबसे पहले यह मामला उठाते हुए कहा कि कांग्रेस विधायक बेलगाम हो गए हैं। नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया और उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि ऐसी स्थिति में सरकार का कोई कर्मचारी काम ही नहीं कर सकेगा, इस तरह का व्यवहार करते हो। कर्मचारी क्या अपनी इज्जत पर बट्टा लगाकर काम करेगा। इस पर मंत्री को जवाब देना होगा। यह डूब मरने वाला काम हो गया। मुख्यमंत्री को जवाब देना चाहिए।
इसके बाद बीजेपी विधायकों ने वेल में आकर हंगामा और नारेबाजी शुरू कर दी। उस समय सभापति जेपी चंदेलिया आसन पर थे, हंगामा होने पर स्पीकर सीपी जोशी को सदन में आना पड़ा। स्पीकर सीपी जोशी ने नियमोंं के तहत मामला लाने काे कहा, इसके बाद सदन में शांति हुई।
ससंदीय कार्यमंत्री शांति धारीवाल ने कहा कि आप ऑडियो-वीडियो सुनकर बात कह रहे हैं, कैसे मान लेंगे कि यह सच है? उसकी जांच के बिना कैसे मान लें? ऑडियो आया है तो हम उसकी जांच करवाएंगे। वह आपको फेवर कर रहा है इसलिए आप उसे सच मान रहे हैं, हम उसकी जांच करवाएंगे, इसके बाद ही कोई बात होगी।
