बाड़मेर: बाड़मेर में अवैध बजरी से भरे ट्रैक्टर-टॉली ने अखबार बांटने वाले युवक को कुचल दिया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सीसीटीवी फुटेज में ट्रैक्टर तेज रफ्तार में दौड़ता दिखाई दे रहा है। वह पलक झपकते साइकिल सवार को रौंद गया। घटना बालोतरा शहर के समदड़ी रोड़ की है। ट्रैक्टर-ट्रॉली का ड्राइवर फरार हो गया। उधर, घर का बेटा नहीं रहा तो परिजनों ने उसकी आंखें दान कर दीं ताकि वह किसी और की दुनिया का अंधेरा मिटा सके।
बालोतरा शहर के समदड़ी रोड़ वार्ड संख्या 37 निवासी सत्यनारायण (21) पुत्र हंजारीमल माली पढ़ाई के साथ सुबह के समय अखबार भी बांटता था। मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे वह समदड़ी रोड पर पुल के समीप स्थित दुकानों पर अखबार डालने का कार्य कर रहा था। इस दौरान बिठूजा की तरफ से आ रहे बजरी से भरे तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने रोंग साइड में जाकर टक्कर मार दी। इससे साइकिल सवार युवक ट्रैक्टर-ट्रॉली के टायर के नीचे आने से बुरी तरह से जख्मी हो गया। अनियंत्रित ट्रॉली का हुक टूटने से वह दुकानों के आगे जाकर पलट गई। ड्राइवर मौके से ट्रैक्टर छोड़ कर फरार हो गया। तभी सांकरणा निवासी सुरेश सुंदेशा ने गंभीर घायल युवक को कैंपर में डालकर नाहटा अस्पताल बालोतरा लाए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे से भड़के लोग, जाम-धरना
हादसे की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय और माली समाज के लोगों में आक्रोश फूट गया। लोगों ने अवैध बजरी माफियाओं के आतंक के चलते पुलिस प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताते हुए धरने पर बैठ गए। इन्होंने समदड़ी रोड मुख्य मार्ग पर वाहन व पत्थर रखकर रास्ता जाम कर दिया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे की सूचना मिलने के बाद केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी, एसडीएम नरेश सोनी, थानाधिकारी बाबूलाल सहित आसपास के थानों का जाब्ता मौके पर पहुंचा। केंद्रीय मंत्री व एसडीएम की समझाने के बाद भी गुस्साए लोग नहीं माने। MLA मदन प्रजापत के मुख्यमंत्री सहायता कोष से एक लाख रुपए की सहायता राशि देने, मृतक के भाई को नगर परिषद संविदा पर लगाने व ट्रैक्टर ड्राइवर के खिलाफ उचित कार्रवाई का ठोस आश्वासन दिया तब जाकर सहमति बनी।
