जयपुर: बीस सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति उपाध्यक्ष डॉक्टर चंद्रभान ने माना कि बीसूका के तहत जितना अच्छा काम होना चाहिए वह नहीं हो पाया , हालांकि उन्होंने तुरंत पलटते हुए कहा कि कार्य को बेहतर बनाने के लिए ही तो मेरी नियुक्ति हुई है। मैं इस काम को करूंगा। अभी तक स्टेट लेवल की कमेटी भी पूरी तरह से नहीं बनी है। जिले के स्तर पर भी कमेटियां अधूरी हैं। हम कार्यक्रम तैयार करेंगे और कैलेंडर बनाएंगे, जिससे कमेटियों का गठन भी जल्द हो जाए। साथ ही 20 सूत्रीय कार्यक्रम को और ज्यादा प्रभावी बनाएंगे.सीएम के सामने हम प्रस्ताव रखेंगे। डॉ चंद्रभान बीसूका उपाध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमारे प्रभारी मंत्री हैं, जिले के कलेक्टर और अन्य अधिकारी हैं सबसे राय मशविरा करेंगे और जल्द ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सामने प्रस्ताव रखेंगे। ऐसा करके जिले के स्तर पर भी और राज्य के स्तर पर भी कमेटी का गठन करेंगे। उसके बाद में अच्छे तरीके से और प्रभावी ढंग से मॉनिटरिंग कर सकेंगे। दौरे का कार्यक्रम भी बनाएंगे और सभी जिले में भी जाएंगे। उपखंड स्तर पर भी जाएंगे और निचले स्तर पर भी जाकर दौरे करेंगे, ताकि लोगों को ज्यादा से ज्यादा मदद मिले और राहत मिले।
समय कम काम ज्यादा
चंद्रभान ने कहा कि ग्रामीण विकास से भी यह काम जुड़ा हुआ है और शहर की कच्ची बस्ती और आम लोगों से 20 सूत्रीय कार्यक्रम जुड़ा हुआ है। जो भी समय है बचा हुआ उसमें इस कार्यक्रम को बहुत अच्छी तरह से लागू करेंगे। हम जब दो, चार, छह महीने बाद मिलेंगे तो आप महसूस करेंगे कि 20 सूत्रीय कार्यक्रम बहुत अच्छी तरीके से लागू हो रहा है और जिसके लिए यह कार्यक्रम बना है। चंद्रभान ने कहा कि बीस सूत्री कार्यक्रम में केंद्र सरकार रुचि नहीं ले रही है. राजस्थान में अच्छे तरीके से काम होता है लेकिन केंद्र सरकार का इस और कोई ध्यान नहीं है। केंद्र रैंक देता है राज्यों को, लेकिन 2017 से 2018 के बाद रैंकिंग नहीं हुई।
