भरतपुर: रीट में धांधली को लेकर तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. सुभाष गर्ग ने बड़ा बयान दिया है। आरोपों के बीच उन्होंने कहा, ‘आरोप सिद्ध होता है तो मंत्री पद से इस्तीफा दे दूंगा। कुछ शिक्षकों की वजह से रीट प्रकरण में शर्मसार होना पड़ा।’ इससे पहले जब वे भरतपुर पहुंचे तो एबीवीपी कार्यकर्ता उनके काफिले के आगे लेट गए। इस पर पुलिस ने कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया। मामले में विरोध बढ़ता जा रहा है। विपक्ष भी सरकार पर लगातार आरोप लगा रही है।
दरअसल, मंत्री सुभाष गर्ग बुधवार को एसबीके स्कूल के एक कार्यक्रम में शिरकत करने आए थे। यहां उन्होंने राज्य सरकार द्बारा चलाए गए अभियान पायलट प्रोजेक्ट रक्ताल्पता नियंत्रण अभियान का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में उन्होंने रीट धांधली मामले का जिक्र करते हुए कहा कि आरोप सिद्ध होते हैं तो वह इस्तीफा दे देंगे। बोले- ‘001 पर्सेंट भी आरोप साबित हो जाए, आरोप लगाना तो बड़ी बात है। किसी के बारे में कुछ भी कह देना आसान बात है। उसी दिन मंत्री पद से इस्तीफा दे दूंगा।’ रीट प्रकरण में उन्होंने कुछ टीचर को भी निशाने पर लिया। कहा, ‘मैं राजनीति में सिर्फ इसलिए आया क्योंकि शिक्षक रहा हूं। शिक्षक थोड़ा संवेदनशील होता है। हालांकि कुछ शिक्षकों की वजह से हमें कई बार शर्मसार होना पड़ता है। जैसे रीट के प्रकरण में देखा।
