जयपुर। राज्य विधानसभा में पिछले पांच दिनों से REET परीक्षा की सीबीआई जांच की मांग को लेकर चला आ रहा गतिरोध आज विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी की मध्यस्थता में पक्ष-विपक्ष में हुए विचार विमर्श के बाद समाप्त हो गया। इसी के साथ इस मसले को लेकर हुए हंगामें के कारण निलम्बित किए गए भाजपा के चारों विधायकों का निलम्बन भी समाप्त हो गया। अब REET परीक्षा को लेकर सदन में दो घंटे की चर्चा होगी। इसमें से एक घंटे का समय विपक्ष को बोलने के लिए दिया गया है।
इस बीच राज्य विधानसभा की आज कार्यवाही शुरू हुई तो गतिरोध को देख अध्यक्ष ने सदन को आधे घंटे के लिए स्थगित कर दिया तथा दोनो पक्षों से अपने चैम्बर में बात कर उन्हें REET मसले को लेकर सदन में चर्चा को लेकर राजी किया। पहले विपक्ष सीबीआई जांच की मांग की घोषणा से पहले सदन नहीं चलने देने की अपनी मांग पर अड़ा हुआ था। साढ़े 11 बजे सहमति के बाद जैसे ही विधानसभा की बैठक फिर से शुरू हुई तो संसदीय कार्यमंत्री शांति धारीवाल ने कहा कि निलम्बित किए गए भाजपा के चारों विधायकों का आचरण ठीक नहीं था। इस पर नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने प्रतिवाद करते हुए कहा कि आचरण तो सत्ता पक्ष का भी इस मसले पर ठीक नहीं था। अध्यक्ष के कहने पर धारीवाल ने चारों सदस्यों के निलम्बन को वापस लेने का प्रस्ताव रखा। जिसे सदन ने स्वीकार कर लिया और उसके बाद सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चालू हो गई।
