जयपुर: राजधानी जयपुर में भी नई दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया की तर्ज पर गहलोत सरकार कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान बनाएगी। इस क्लब के बिल्डिंग की नींव 9 फरवरी को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत रखेंगे। इस क्लब में रेस्टोरेन्ट, स्विमिंग पूल, ऑडिटोरियम, कॉन्फ्रेन्स हॉल, जिम समेत तमाम लग्जरी फैसेलिटी होगी। इस क्लब के मैंबर राजस्थान विधानसभा के पूर्व और वर्तमान सदस्य होंगे।
इस क्लब की बिल्डिंग की डिजाइन हैरिटेज बिल्डिंग के रूप में होगी। मुख्यमंत्री गहलोत ने बजट 2021-22 में इस क्लब को बनाने की घोषणा की थी। इसके बाद विधायकों और अधिकारियों की टीम दिल्ली क्लब का दौरा करने के बाद क्लब की डिजाइन तैयार की गई है।
80 करोड़ रुपए में बनेगा क्लब
हाउसिंग बोर्ड कमीश्नर पवन अरोडा ने बताया कि क्लब जयपुर में ज्याेति नगर स्थित विधानसभा के पास बनाया जाएगा। इसके लिए 4,950 वर्ग मीटर जमीन रिजर्व की है। इस जमीन पर 1 लाख 84 हजार 480 वर्गफीट (सुपर बिल्टअप) में कंस्ट्रक्शन करवाया जाएगा। इसे बनाने पर 80 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसे बनाने में डेढ़ साल का समय लगेगा।
क्लब में ये लग्जरी सुविधाएं होगी
इस क्लब का डिजाईन तैयार करवा हो गया है। इस डिजाईन के तहत यहां रेस्टोरेन्ट, कॉफी हाउस, स्विमिंग पूल, ऑडिटोरियम, मीटिंग और कॉन्फ्रेन्स हॉल, जिम, सैलून, बैडमिन्टन और टेनिस कोर्ट, बिलियर्डस् व टेबल टेनिस, इन्डोर गेम्स सहित बाहर से आने वाले मेहमानों के ठहरने के लिए गेस्ट रूम्स होंगे।

