जालोर : जिले के भाद्राजून इलाके में बोलेरो कैंपर से आए 7 हथियारबंद बदमाशों ने ज्वेलरी की शॉप से 70 लाख की ज्वेलरी लूट कर ले गए। बदमाशों ने शॉप में घुसते ही वहां बैठे ग्राहकों और स्टाफ पर लाठी-डंडे बरसाने शुरू कर दिए। दुकान मालिक ने विरोध किया तो लुटेरों ने तलवार से हमला कर दिया। गंभीर हालत में दुकान मालिक को जोधपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जाते-जाते दहशत फैलाने के लिए बदमाशों ने फायरिंग की।
भोरड़ा गांव में संतोष सोनी की ज्वेलरी की दुकान है। शुक्रवार शाम को संतोष सोनी और सेल्समैन दुकान में ग्राहकों को ज्वेलरी दिखा रहे थे। शाम करीब सवा पांच बजे हथियारबंद 5 बदमाश भागते हुए दुकान में घुस गए। 3 बदमाशों के हाथ में डंडे व दो के हाथ में पिस्तौल व तलवार था। दुकान में अफरा-तफरी मच गई। हथियारबंद बदमाशों को देखते ही ग्राहकों और स्टाफ के होश उड़ गए। कोई कुछ समझ पाता, इससे पहले ही लुटेरों ने डंडे बरसाने शुरू कर दिए। महिलाओं तक को नहीं बख्शा।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
ज्वेलर संतोष सोनी के विरोध करने पर बदमाशों ने तलवार से हमला कर घायल कर दिया। दुकान के काउंटर और अलमारी को तोड़कर बदमाश सोने-चांदी के गहनों को समेटकर ले गए। करीब 20 मिनट तांडव मचाने के दौरान 4 बदमाश दुकान के अंदर रहे और एक बदमाश दुकान के बाहर पहरा देता रहा। लोगों में डर बनाए रखने के लिए डकैतों की गाड़ी में सवार दो बदमाश बोलेरो को आगे-पीछे करते रहे। सोने-चांदी लूटकर भागते समय बदमाशों ने दुकान के बाहर फायरिंग भी की। बोलेरो कैंपर में सवार होकर सभी बदमाश वहां से भाग निकले। डकैती की सूचना पर पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी कराई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल ज्वेलर संतोष को लहूलुहान हालत में हॉस्पिटल में भर्ती करवाया। पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से सबूत जुटाए है। पुलिस को वारदातस्थल पर कारतूस का एक खाली खोल भी मिला है। दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज में बदमाशों की करतूत कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर डकैती डालने आए बदमाशों की तलाश कर रही है। वारदात को अंजाम देने के तरीके को देखते हुए भी पुलिस गिरोह को चिन्हित करने का प्रयास कर रही है।

