दौसा: मेहंदीपुर बालाजी मंदिर के पट 21 दिन बाद सोमवार सुबह 7 बजे से खुलेंगे। आरती के बाद भक्तो को मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा। इसे लेकर रविवार को मंदिर ट्रस्ट ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया। मंदिर ट्रस्ट सचिव एमके माथुर ने बताया कि दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को कोराना गाइडलाइन की सख़्ती से पालना करनी होगी। डबल डोज वैक्सीन सर्टिफिकेट के बिना किसी भी व्यक्ति को मंदिर में प्रवेश नहीं मिलेगा। इसके साथ ही दो गज दूरी की पालना कराने के लिए मंदिर के बाहर व रेलिंग के अंदर गोले बनाए गए हैं।
उन्होंने बताया, रेलिंग के प्रवेश द्वार पर प्रत्येक श्रद्धालु को मंदिर प्रबंधन की ओर से मास्क दिए जाएंगे। मंदिर के पास व बाजार में दो जगहों पर चैक प्वाइंट बनाए गए हैं जहां मेडिकल टीम श्रद्धालुओं की जांच करेगी। इसके साथ ही करीब दो दर्जन वॉलंटियर कई जगहों पर तैनात रहकर गाइडलाइन की पालना कराएंगे।
